जबलपुर, प्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर चल रही गुटबाजी और अटकलों के बीच उर्जा मंत्री प्रियव्रत सिंह का बड़ा बयान आया है। आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जबलपुर पहुंचे उर्जा मंत्री ने पत्रकारों द्वारा कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि हर दल में गुटबाजी होती है, इससे भाजपा भी अछूती नहीं है। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां हर किसी को अपनी बात रखने का हक है। नेताओं में मतभेद हो सकता है, लेकिन मनभेद नहीं है।
उर्जा मंत्री ने कहा कि भाजपा के अंदर भी गुटबाजी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और शिवराज सिंह चौहान के सामने नरोत्तम मिश्रा और गोपाल भर्गव जैसे नेताओं का कद छोटा रखा गया है। मिश्रा को तो पार्टी ने साइड लाइन कर दिया है। भाजपा के 18 करोड़ सदस्य होने पर तंज कसते हुए प्रियव्रत सिंह ने कहा कि अब भाजपा सात देशों की अंतरराष्ट्रीय पार्टी हो गई है।
प्रदेश अध्यक्ष का चयन संगठन पर निर्भर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के सवाल का जवाब देते हुए उर्जा मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय संगठन इसका निर्णय लेगा। अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ही प्रदेश अध्यक्ष का चयन करेंगी। जहां तक दावेदारों की बात है तो कोई भी संगठन का व्यक्ति दावा कर सकता है।
सरकार खुद पहुंच रही जनता के पास
उर्जा मंत्री ने कहा कि पहले लोगों को अपनी समस्यों के लिए जनप्रतिनिधि के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब सरकार खुद लोगों तक पहुंच रही है। आपकी सरकार आपके द्वार के माध्यम से लोगों की समस्याओं से रू-बरू हुआ जा रहा है। समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया जा रहा है। विद्युत कटौती के सवाल का जवाब देते हुए उर्जा मंत्री ने कहा कि गर्मी में ओवर लोड होने के कारण समस्याएं आईं थीं, जिन्हें दुरस्त कर लिया गया है। वहीं बारिश और तूफान में आए फाल्टों को भी सुधारा गया है। विद्युत व्यवस्था पहले से दुरस्त हो गई है। उर्जा मंत्री के साथ नगर कांग्रेस अध्यक्षय दिनेश यादव और विनय सक्सेना मौजूद रहे।
भाजपा अपना घर देखे, हम अपना अध्यक्ष बना लेंगे -प्रियव्रत