चिन्मयानन्द पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने लड़की के हास्टल का कमरा सील किया

शाहजहांपुर, पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर दर्ज अपहरण के मामले में कथित पीड़िता लड़की के हॉस्टल का कमरा पुलिस ने सील कर दिया है। जानकारी के मुताबिक स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय परिसर में बने छात्रावास में लड़की कमरा नंबर 105 में रहती थी, जिसे बुधवार देर शाम सील कर दिया गया ताकि सुबूतों के साथ छेड़छाड़ न की जा सके। साथ ही किसी भी बाहरी व्यक्ति के छात्रावास में जाने पर रोक लगा दी गई है।
महाविद्यालय से एलएलएम कर रही छात्रा ने 24 जून को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करके पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर कई लड़कियों की जिंदगी बर्बाद करने एवं उसे व उसके परिवार को जान का खतरा बताया था। इसके बाद चिन्मयानंद के खिलाफ अपहरण और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। कालेज प्रषासन का कहना है कि पांच अगस्त से कालेज में शिक्षण कार्य शुरू हो गया था लेकिन लड़की एक भी दिन कॉलेज नहीं आयी। लड़की पढ़ाई के बाद अंशकालिक तौर पर कॉलेज की लाइब्रेरी में भी काम करती थी। इससे पहले, 23 अगस्त को लड़की की लोकेशन दिल्ली में मिली थी। लड़की के पिता हरीश चंद्र गुप्ता के मुताबिक 23 अगस्त को वीडियो वायरल होने के बाद पता लगाने पर लड़की के हॉस्टल के कमरे में ताला लगा पाया गया था। उसके बाद 24 अगस्त को दिल्ली के एक अंजान मोबाइल नंबर से उनकी बेटी का फोन आया जिसमें उसने बताया कि वह ठीक है। उसके बाद उसने कॉल खत्म कर दी। उसके बाद जब उसकी मां ने खुद उस नम्बर पर फोन किया तो दिल्ली के एक होटल के कर्मचारी ने उठाया और बताया कि एक लड़की सफेद कार से आई थी और उसने मोबाइल का रीचार्ज खत्म होने की बात कहकर उसके फोन से बात की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *