मुरादाबाद जेल में बंद कैदी ने नया कुर्ता-पायजामा नही देने पर पत्नी को दिया तीन तलाक

मेरठ, उत्तर प्रदेश की मुरादाबाद जेल में बंद अमरोहा जिले के गजरौला के रहने वाले हत्यारोपी ने अपनी पत्नी को सिर्फ इसलिए तलाक बोल दिया कि वह उसके लिए ईद पर नया कुर्ता-पायजामा लेकर नहीं गई। एसपी के आदेश पर गजरौला थाने में आरोपी के खिलाफ तीन तलाक देने पर एफआईआर दर्ज की गई है। गजरौला इंस्पेक्टर डीके शर्मा ने बताया ‎कि महिला की ‎शिकायत पर तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। मुर्शीदा का पति जुल्फिकार उर्फ कलवा साल 2014 से हत्या के मामले में मुरादाबाद जेल में बंद है। उसके 4 बच्चे हैं। पत्नी मजदूरी करती है। महिला ने पुलिस को बताया कि मिलाई के लिए जेल जाते वक्त पति उसके चरित्र पर शक करता है। महिला का आरोप है कि बकरीद के एक दिन पहले 11 अगस्त को वह पति की मिलाई के लिए मुरादाबाद जेल गई थी। आर्थिक स्थिति खराब होने की वजह से वह पति के लिए नया कुर्ता-पायजामा लेकर नहीं जा सकी। इससे जुल्फिकार गुस्सा हो गया और गाली-गलौज के साथ उसने महिला को तीन तलाक दे दिया। मुर्शिदा ने बताया कि गांव के साजिद और आसिफ उसके पति को समझाने जेल गए लेकिन उसने उनकी बात नहीं सुनी और दोनों को कागज पर तीन बार तलाक लिखकर भेज दिया। महिला की शिकायत पर भी थाना पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी। इसके बाद महिला ने एसपी से शिकायत की, जिसके बाद अमरोहा के पुलिस अधीक्षक के आदेश पर गजरौला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *