बिजनौर में कालिका मंदिर चौराहे पर तीन तेज रफ्तार वाहन आपस में भिड़े, पांच लोगों की मौत

बिजनौर, बिजनौर में कोतवाली क्षेत्र के झालू मार्ग पर कालिका मंदिर से पास स्थित चौराहे पर दो ट्रकों और एक टैंकर के बीच हुई भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रक में आग लग गई, जिसे फायरब्रिगेड की गाड़ी ने बुझाया। पुलिस अधीक्षक संजीव त्यागी ने बताया कि सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घायलों में दो की हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार से आ रहे दो ट्रकों और एक टैंकर के बीच जबर्दस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में सभी वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन एक ट्रक को विशेष रुप से नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि ट्रक पर सवार 10 लोगों में से पांच की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि शीरे से भरे ट्रक का ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ। झालू मार्ग पर कालिका मन्दिर के नज़दीक चक्कर चौराहे पर तीनों वाहन रात साढ़े बारह बजे के करीब आपस मे भिड़ गए। तीनों वाहन अलग-अलग दिशा से आ रहे थे। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तीनों वाहनों को भारी क्षति पहुंची है। इनमें से एक ट्रक में शीरा भरा था, दूसरे में खनन सामग्री और तीसरे में खिलौने भरे हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *