नई दिल्ली, लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद से ही देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस बिना किसी अध्यक्ष के काम कर रही है, लेकिन सब कुछ ठीक रहा तो करीब ढाई महीने के बाद कांग्रेस को नया अध्यक्ष मिलने वाला है। 10 अगस्त को कांग्रेस कार्य समिति की मीटिंग बुलाई गई है, जिसमें नए अध्यक्ष पर फैसला हो सकता है। देखना दिलचस्प होगा कि अगला कांग्रेस अध्यक्ष कोई अनुभवी नेता बनेगा या फिर कोई युवा चेहरा। इस बीच कई दिग्गजों ने खुलकर प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी की कमान सौंपे जाने की मांग की है। वहीं, रविवार को मुंबई कांग्रेस प्रमुख मिलिंद देवड़ा ने सचिन पायलट या फिर ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम की वकालत की है।
कई दिग्गज प्रियंका को कमान सौंपे जाने के पक्ष में
क्या कांग्रेस का अगला अध्यक्ष भी गांधी परिवार से होगा? दरअसल, पार्टी के कई दिग्गज नेता अध्यक्ष पद के लिए खुलकर प्रियंका गांधी वाड्रा की वकालत कर रहे हैं। उनकी दलील है कि गांधी परिवार के बिना पार्टी बिखर सकती है और सिर्फ यही परिवार ही पार्टी में सभी को एकजुट रख पाएगा। इन नेताओं के फेहरिस्त में नया नाम हैं दिग्गज कांग्रेसी कर्ण सिंह।
गांधी परिवार के करीबी सहयोगी और 5 दशकों से ज्यादा वक्त से कांग्रेस से जुड़े हुए कर्ण सिंह ने इंटरव्यू में कहा है कि प्रियंका पार्टी अध्यक्ष के रूप में सभी को ‘एकजुट करने वाली ताकत होंगी और इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होगा।सिंह ने यह भी कहा कि नेतृत्व मुद्दे पर निर्णय न होने से कांग्रेस को ‘निश्चित रूप से नुकसान’ पहुंचा है।इससे पहले शशि थरूर भी प्रियंका गांधी को करिश्माई नेता बताते हुए उन्हें कांग्रेस की कमान देने की पुरजोर वकालत की थी। थरूर के बयान को कैप्टन अमरिंदर सिंह का भी समर्थन मिला जो पहले ही किसी युवा को पार्टी का नेतृत्व देने की पैरवी कर चुके थे।
सिंधिया या पायलट में से किसी एक को मिले कमान: देवड़ा
इस बीच मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा ने पार्टी अध्यक्ष के लिए सचिन पायलट और ज्योतिरादित्य सिंधिया के नाम की पैरवी की है। देवड़ा ने रविवार को कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के इस बयान से सहमत हैं कि कांग्रेस अध्यक्ष किसी युवा को होना चाहिए, जिसके पास चुनावी, प्रशासनिक और सांगठनिक अनुभव हो और जिसका पूरे देश में प्रभाव हो। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट और ज्योतिरादित्य सिंधिया में ये सारी खूबियां हैं और वे पार्टी को मजबूती दे सकेंगे।
कई बुजुर्ग नेताओं के नामों की भी चर्चा
बता दें कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद राहुल गांधी ने 25 मई को हुई सीडब्ल्यूसी मीटिंग में पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।इसके बाद अब कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में रहे। मल्लिकार्जुन खड़गे, अशोक गहलोत, सुशील कुमार शिंदे, मीरा कुमार जैसे कई वरिष्ठ नेताओं के नामों की चर्चा भी हुई।
CWC की 10 को बैठक, कौन बनेगा कांग्रेस अध्यक्ष ? देवड़ा ने की पायलट या सिंधिया की पैरवी
