शिवपुरी, जिले की खोड़ चौकी क्षेत्र के ग्राम वीरा में बीती रात 2 बजे एक प्रेमी ने प्रेमिका के पति को रास्ते से हटाने के लिए उसके घर पर डायनामाइट लगा दिया। इससे घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे की पाटौर क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें रखा सामान भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।जानकारी के अनुसार वीरा गांव में रहने वाले विनोद झा की पत्नी शीला का उसी गांव के राममोहन राय से प्रेम प्रसंग हो गया। करीब 2 महीने पहले वह उसे ले गया। विनोद ने पुलिस से राममोहन के विरुद्ध शिकायत की। बीती रात जब डायनामाइट से पाटौर उड़ाने की कोशिश हुई तो ग्रामीण यही कहते रहे कि विनोद को रास्ते से हटाने के लिए राममोहन ने ही ऐसा किया है। दोनों प्रेमी प्रेमिका अब तक पुलिस की पहुंच से दूर हैं।वहीं पड़ताल के दौरान सामने आया कि राममोहन ने विनोद के घर में दूसरी मंजिल पर बने कमरे में डायनामाइट के 4 सेल लगाए। वहीं से २०० मीटर तक डायनामाइट का तार और 100 मीटर बिजली का तार जोड़ा। घर से 300 मीटर की दूरी से रात 2 बजे धमाका किया। धमाके से पूरा घर और आसपास का मकान बुरी तरह हिल गए। घटना के वक्त घर में विनोद के अलावा चारों बच्चे मौजूद थे। जोरदार धमाका होने से ऊपरी मंजिल क्षतिग्रस्त हो गई और छत की पटियां टूट कर गिरीं। गनीमत रही की विनोद की जान बच गई। धमाके के बाद अफरा- तफरी मच गई।
प्रेमी ने प्रेमिका के पति को रास्ते से हटाने उसके घर पर लगा दिया डायनामाइट