नई दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय ने उत्तर प्रदेश के रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान आजम खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का प्रकरण दर्ज किया है। प्रकरण में आजम खान के अलावा अन्य लोगों के नाम भी शामिल हैं।
वहीं रामपुर में धारा 144 तोड़ने पर आजम के विधायक बेटे अब्दुल्ला खान को 24 घंटे में दूसरी बार गिरफ्तार कर लिया गया। बुधवार को भी पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई में बाधा डालने पर भी उन्हें पकड़ा गया था। रामपुर में निषेधज्ञा लागू होने के बाद भी समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रशासन ने जिले की सीमाएं सील कर सपा नेताओं को रामपुर में घुसने से रोक दिया। पुलिस ने कांवड़ यात्रा और बकरीद के मद्देनजर रामपुर में धारा 144 लागू की है।
आजम खान जौहर यूनिवर्सिटी के संस्थापक और उनके बेटे अब्दुल्ला खान इसके सीईओ हैं। उत्तर प्रदेश की स्वार-टांडा सीट से विधायक अब्दुल्ला पर आरोप है कि उन्होंने बुधवार को यूनिवर्सिटी में छापेमारी के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। इसके अलावा अब्दुल्ला के खिलाफ पासपोर्ट तैयार करवाने में धोखाधड़ी और झूठी जानकारियां देने को लेकर भी केस दर्ज है। अपने खिलाफ कार्रवाई को लेकर अब्दुल्ला ने कहा है कि वे अब प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।
ज्ञात रहे कि पिछले दिनों योगी आदित्यनाथ सरकार ने आज़म के खिलाफ रामपुर में अवैध कब्जों को लेकर मामले दर्ज किए थे। उनकी जौहर यूनिवर्सिटी पर भी पिछले दो दिन छापेमारी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के पुस्तकालय से 2500 चोरी की दुर्लभ किताबें जब्त की गई हैं।
ED ने आजम खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का प्रकरण दर्ज किया