नई दिल्ली, दिल्ली सरकार ने पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के निधन पर 2 दिन के राजकीय शोक की घोषणा की। शीला दीक्षित के निधन के बाद दिल्ली बीजेपी ने आज और कल के अपने सभी कार्यक्रमों को रद्द किया। शीला दीक्षित के पार्थिव शरीर को निजामुद्दीन स्थित उनके आवास लाया गया। दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया। राहुल ने ट्वीट किया कि मेरा उनसे ऐसा संबंध था कि मैं उनसे व्यक्तिगत चीजें भी शेयर करता था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, शीला दीक्षित जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। उन्होंने दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और समर्थकों के साथ है।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी दिल्ली की पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता शीला दीक्षित के निधन पर दुख व्यक्त किया। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने शीला दीक्षित के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा- उनका निधन दिल्ली के लिए बहुत बड़ी क्षति है। दिल्ली के विकास में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने शीला दीक्षित के घर पहुंच कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शीला दीक्षित का अंतिम संस्कार रविवार को दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा। उनके पार्थिव शरीर कों निजामुद्दीन स्थित आवास पर कल सुबह 11.30 बजे तक अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। बीजेपी नेता विजय गोयल ने दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को निजामुद्दीन स्थित उनके आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के निधन पर दुख व्यक्त किया। फिल्म अभिनेता विवेक ओबेरॉय ने भी ट्वीट कर शीला दीक्षित के निधन पर दुख व्यक्त किया।