वेस्टइंडीज दौरे के लिए टीम इंडिया का एलान अब रविवार को किया जायेगा

मुम्बई, वेस्टइंडीज के क्रिकेट दौरे के लिए शुक्रवार को होने वाला भारतीय टीम का चयन टल गया है। अब टीम इंडिया की घोषणा रविवार को होगी। इसमें सभी की नजरें पूर्व कप्‍तान महेन्द्र सिंह धोनी के भविष्‍य पर रहेंगी। धोनी अब स्वदेश पहुंच गये हैं। ऐसे में इंडियन टीम की चयन समिति की बैठक अब रविवार को दोपहर में मुंबई में होगी। बैठक को लेकर नियमों में हुए बदलाव और कुछ खिलाड़ियों की फिटनेस रिपोर्ट के शनिवार शाम तक आने के चलते शुक्रवार को होने वाली बैठक को टाला गया। वेस्‍ट इंडीज दौरे पर टीम इंडिया को 3 एकदिवसीय, 3 टी20 और 2 टेस्‍ट मैच खेलने हैं। बता दें कि अब से भारतीय क्रिकेट टीम के चयन के लिए होने वाली बैठकों की अध्‍यक्षता चयन समिति का प्रमुख करेगा। बीसीसीआई की प्रशासकों की समिति (सीओए) ने गुरुवार को यह आदेश दिया। वहीं इससे पहले अब तक चयन समिति की बैठक की अध्‍यक्षता बीसीसीआई के महासचिव करते थे। इस कारण भी चयन समिति की बैठक टली थी। इसके अलावा चयनकर्ता धोनी को लेकर भी असमंजस में थे। धोनी आगे क्रिकेट जारी रखेंगे या नहीं इसे लेकर उनकी तरफ से भी अब तक कोई जानकारी नहीं आई है। विश्व कप में सेमीफाइनल दौर से बाहर होने के बाद धोनी के भविष्य पर सवाल खड़े होने लगे हैं। क्रिकेट एक्सपर्ट मान रहे हैं कि धोनी को संन्यास ले लेना चाहिए तो वहीं कुछ मान रहे हैं कि धोनी को थोड़े दिन और खेल जारी रखना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *