खेल अकादमी में क्यों नहीं खेल पा रही एमपी की लडकियां अध्यक्ष ने दिए मंत्री को जांच कराने के आदेश

भोपाल,गुरुवार को विधानसभा में विधायक विनय सक्सेना की ध्यानाकर्षण सूचना के दौरान जम कर हंगामा हुआ। उनका कहना था कि अकादमी में मप्र की लड़कियां नहीं खेल पा रही हैं। बाहर की लड़कियां लाकर अगर आप पारितोषक जीत रहे हैं। इस पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री जीतू पटवारी के जवाब से असहमत सदस्य विनय सक्सेना ने पुन: सवाल किया, जिस पर अध्यक्ष ने हस्तक्षेप करते हुए जांच की बात कही। अध्यक्ष एनपी प्रजापति ने मंत्री जीतू पटवारी को ग्वालियर स्थित राज्य महिला हॉकी अकादमी में गड़बडिय़ों की जांच के आदेश देते हुए कहा कि इस संबंध में उनके पास भी कुछ तथ्य हैं।
अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अकादमी में मप्र की लड़कियां क्यों नहीं खेल पा रही हैं? उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की लड़कियां लाकर अगर आप पारितोषक जीत रहे हैं, तो यह कहीं न कहीं अपने प्रदेश की लड़कियों के साथ कुठाराघात है। अध्यक्ष प्रजापति ने कहा कि इसके अलावा जितने भी कागज प्रश्नकर्ता सदस्य ने दिए हैं, वे पूरे सदन के पटल पर रख दीजिए और सबकी जांच कराइए। अध्यक्ष के इस आदेश के बीच सदन में सदस्यों ने मेज थपथपाईं। वहीं मंत्री पटवारी ने कहा कि अध्यक्ष के आदेश का अक्षरश: पालन किया जाएगा।
विनय सक्सेना का सवाल
सदस्य विनय सक्सेना ने आरोप लगाया कि हॉकी अकादमी में बड़ी मात्रा में गड़बडिय़ां की जा रही हैं। उत्तर प्रदेश की महिला खिलाडिय़ों को अकादमी में लाया गया है। इन लड़कियों के फर्जी तरीके से आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बनवाए गए हैं। सक्सेना ने आरोप लगाया कि अकादमी में मध्यप्रदेश के खिलाडिय़ों को तवज्जो नहीं देकर बाहर की खिलाडिय़ों को तवज्जो दी गई और जमकर गड़बडिय़ां हुईं। उन्होंने कहा कि इन सबकी व्यापक जांच कराके खेल विभाग और अकादमियों के खिलाडिय़ों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
अध्यक्ष ने दी व्यवस्था
सक्सेना की बात से सहमत विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य महिला हॉकी अकादमी में गड़बडिय़ों के संबंध में उनके पास भी कुछ तथ्य हैं।
अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए मंत्री को आदेश दिया कि जितने भी कागज प्रश्नकर्ता सदस्य (विनय सक्सेना) ने दिए हैं, वे पूरे सदन के पटल पर रख दीजिए और सबकी जांच कराइए। अध्यक्ष ने कहा कि इसके अलावा जितनी लड़कियां वहां रह रही हैं, वह संज्ञान में लीजिए। वहां पिछले दो साल से लड़कियों के साथ क्या क्या घटनाएं हुईं, इसको भी संज्ञान में लीजिए। वहां के अधिकारियों ने जो जो भी चीजें की हैं, उस पर एक्शन लीजिए। उसके कागज मैं आपको अलग से उपलब्ध करवा रहा हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *