मुख्यमंत्री बघेल की माता बिंदेश्वरी बघेल का आज होगा दशगात्र कार्यक्रम, श्रद्धांजलि देने जुटेंगे 50 हजार लोग

भिलाई, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की दिवंगत माता श्रीमती बिंदेश्वरी बघेल को श्रद्धांजलि अर्पित करने तकरीबन 50 हजार की भीड़ जुटने का अनुमान है। बघेल परिवार द्वारा इसी अनुमान के अनुरुप तैयारी की गई है। 17 जुलाई को भिलाई-3 के मंगल भवन के सामने मैदान में दशगात्र का कार्यक्रम रखा गया है। ब्रम्हलीन आत्मा को श्रद्धांजलि देने देश और प्रदेश के अनेक वीआईपी नेता व प्रशासनिक अधिकारियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा का तगड़ा इंतजाम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की माता श्रीमती बिंदेश्वरी बघेल का दशगात्र का कार्यक्रम आज 17 जुलाई को भिलाई-3 में संपन्न होगा। इस आयोजन में अच्छी खासी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए निजी व प्रशासनिक स्तर पर तैयारी की गई है। दशगात्र का यह आयोजन भिलाई-3 में मंगल भवन के पास मैदान में रखा गया है। बघेल परिवार की ओर से कार्यक्रम में शरीक होने वालों के अनुमानित संख्या के अनुरुप भोजन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस आयोजन में 50 हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इसमें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्वाचन क्षेत्र पाटन विधानसभा के साथ ही प्रदेश भर के कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और सामाजिक लोगों की उपस्थिति रहेगी। इसके अलावा प्रदेश व देश भर के राजनेता और प्रशासनिक अफसरों के भी आने का संकेत है।
गौरतलब रहे कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की माता श्रीमती बिंदेश्वरी बघेल का निधन बीते 7 जुलाई को हो गया था। उनका अंतिम संस्कार अगले दिन 8 जुलाई को भिलाई-3 के उमदा रोड मुक्तिधाम में किया गया। इस दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह सहित प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, पूर्व मंत्री, विधायक सांसद सहित आला प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित हुए थे। अब कल होने वाले दशगात्र कार्यक्रम में 50 हजार की भीड़ भिलाई-3 में जुटने की संभावनाओं को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *