अफगानिस्तान ने लखनऊ के ‘इकाना स्टेडियम’ को अपना होम ग्राउंड बनाया,इंडीज साथ यहाँ कहेगी सीरीज

लखनऊ, अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का होम ग्राउंड अब उप्र की राजधानी लखनऊ का अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम होगा। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम यहां नवम्बर में वेस्टइण्डीज के साथ श्रंखला खेलेगी।
विदित हो कि पिछले साल 2018 नवंबर माह में लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पहला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी 20 हुआ था। तब ही इस स्टेडियम के नाम अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम कर दिया गया था। इस स्टेडियम की बैठक क्षमता 40 हजार दर्शकों की है और यहां अंतर्राष्ट्रीय स्तर सभी सुविधाएं मौजूद हैं। ये स्टेडियम एयरपोर्ट के नजदीक है और यहां कई पांच सितारा होटल्स भी हैं।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव युद्धवीर सिंह के मुताबिक अगले हफ्ते में अफगानिस्तान बोर्ड, यूपीसीए और इकाना मैनेजमेंट के बीच लखनऊ को अफगान टीम का होम ग्राउंड बनाने का एमओयू होगा। इसके बाद अफगानिस्तान के सभी घरेलू मैचों का आयोजन लखनऊ में होगा। एमओयू के बाद नवंबर माह में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के बीच मैचों की श्रंखला इसी इकाना स्टेडियम में होगी। उन्होंने बताया कि इकाना को अफगानिस्तान टीम का होम ग्राउंड बनाया जा रहा है, लेकिन इससे चिंतित होने की जरूरत नहीं है, एमओयू में इसकी व्यवस्था रहेगी कि भारतीय टीम अपने घरेलू मैच यहां खेलेगी। इसके अलावा भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली क्रिकेट श्रंखलाओं में जरूरी नहीं है कि वह मैच लखनऊ में हो, भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाले मैच जहां बीसीसीआई निर्धारित करेंगी वहां होंगे।
बताया जाता है कि अफगानिस्तान टीम का होम ग्राउंड पहले नोएडा स्टेडियम था, बाद में देहरादून का स्टेडियम हुआ। अब अफगान क्रिकेट बोर्ड ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से लखनऊ के इकाना स्टेडियम को अपना होम ग्राउंड बनाने की बात कही। बीसीसीआई ने यूपीसीए से इस बारे में पूछा। यूपीसीए ने इस पर कोई आपत्ति नही की। बीते कुछ सालों से अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ग्रेटर नोएडा में प्रैक्टिस कर रही थी। यही उनका होम ग्राउंड भी था। इसके बाद वे देहरादून स्टेडियम में शिफ्ट हो गए, जहां उन्होंने आईसीसी वल्र्ड कप के लिए प्रैक्टिस की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *