भोपाल,भारतीय जनता पार्टी मजबूत होगी तो देश मजबूत होगा, क्योंकि हमारा नारा‘ नेशन फर्स्ट’ है। देश को आगे बढ़ाना है, तो हमें भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करना होगा। सदस्यता अभियान भारत को आगे बढ़ाने का अभियान है। देश को मजबूत करने का अभियान है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को राजधानी भोपाल में संगठन पर्व सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुए कही।
– डॉ. मुखर्जी ने दिया देश की अखण्डता के लिए पहला बलिदान
राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उनका पुण्य स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने बंगाल के लिए लड़ाई लड़ी थी। बंगाल अगर देश से अलग होने से बचा है तो उसका एकमात्र कारण डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर समस्या का एकमात्र कारण कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति और पं. नेहरू हैं। श्री विजयवर्गीय ने कहा कि कश्मीर को लेकर डॉ. मुखर्जी ने आंदोलन किए और‘ एक देश में दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे’ का नारा दिया। आजाद भारत में अगर देश की अखण्डता के लिए किसी ने अपना बलिदान दिया है, तो वह डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हैं।
श्री विजयवर्गीय ने सदस्यता अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं के उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि विशेष सदस्यता अभियान में कुल सदस्यता के 10 प्रतिशत सदस्य हमें बनाना है।
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने घनघोर परिश्रम किया और प्रदेश की 29 में से 28 सीटों पर ऐतिहासिक जीत दिलाई। चुनाव के दौरान भोपाल की सीट सुर्खियों में थी, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने बड़े नेताओं को भी हार का स्वाद चखा दिया।
हमारा संगठन पर्व देश को मजबूत करने और आगे बढ़ाने, का अभियान है – विजयवर्गीय