बांग्लादेश पर 94 रनों से जीत के बाद भी पाकिस्तान विश्व कप के सेमीफइनल मुकाबले से बाहर

लॉर्ड्स, विश्व कप के अपने अंतिम लीग मैच में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 94 रन के विशाल अंतर से पराजित तो कर दिया लेकिन इस जीत के बावजूद विश्व कप में उसका सफर खत्म हो गया। नेट रन रेट के हिसाब से न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। पाकिस्तान के अंक हालांकि न्यूजीलैंड के बराबर हैं लेकिन रन रेट कम होने की वजह से वह विश्व कप से बाहर हो गया है। इस मैच में पाकिस्तान द्वारा दिए गए 316 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम लय में नजर नहीं आई। शाकिब अल हसन ने 77 गेंदों में छह चौकों की सहायता से 64 रन बनाए। उन्हें शाहीन अफरीदी की गेंद पर सरफराज अहमद ने कैच कर लिया। सौम्य सरकार 22, मुशफिकुर रहीम और मोसद्दक हुसैन 16 – 16, लिटन दास 32 और महमुदुल्लाह 29 रन ही बना सके। बाकी के बल्लेबाज कोई उल्लेखनीय योगदान नहीं कर पाए। बांग्लादेश की पूरी टीम 44.1 ओवरों में 221 रन बनाकर आउट हो गई। पाकिस्तान के शाहीन अफरीदी ने 9.1 ओवर में 35 रन देकर छह विकेट लिए। इस विश्वकप में यह सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग प्रदर्शन है। इसके अलावा शादाब खान को दो तथा मोहम्मद आमिर और वहाब रियाज को एक-एक विकेट मिले।
इससे पहले लॉर्ड्स के मैदान पर विश्व कप क्रिकेट के अपने अंतिम लीग मैच में बांग्लादेश के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 315 रन बनाए। पाकिस्तान की पारी में इमाम उल हक के 100 और बाबर आजम के 96 रन का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान की शुरुआत धीमी रही और आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर फखर जमान को मोहम्मद सैफुद्दीन ने मेहंदी हसन के हाथों कैच करा दिया। जमान ने 31 गेंदों में एक चौके की सहायता से मात्र 13 रन बनाए। किंतु इसके बाद इमाम उल हक और बाबर आजम दूसरे विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी करके पाकिस्तान को मजबूत स्थिति में ला दिया। 32 वें ओवर में जब पाकिस्तान का स्कोर 180 रन था उस समय 96 रन पर खेल रहे बाबर आजम को मोहम्मद सैफुद्दीन ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। बाबर ने 98 गेंदों में 11 चौके की सहायता से 96 रन बनाए। इसके बाद क्रीज पर आए मोहम्मद हफीज ने 25 गेंदों में तेजी से 27 रन बनाकर रन गति तेज करने की कोशिश की। किंतु दूसरे छोर पर 100 रन बनाकर खेल रहे इमाम उल हक मुस्तफिजुर रहमान की गेंद पर हिट विकेट हो गए। इमाम उल हक ने 100 गेंदों में सात चौके की सहायता से 100 रन बनाए। हफीज भी जल्दी ही निकल लिए, उन्हें मेहंदी हसन ने शाकिब अल हसन के हाथों कैच करा दिया। हरिस सोहेल 6 गेंदों में 6 रन बनाकर आउट हो गए। अफगानिस्तान के खिलाफ बेहतरीन खेलने वाले इमाद वसीम ने आज भी अच्छा खेल दिखाया और उन्होंने 26 गेंदों में छह चौके की सहायता से तेज 43 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच सके। 9 विकेट खोकर 50 ओवर में पाकिस्तान ने 315 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से मुस्तफिजुर रहमान ने 10 ओवर में 75 रन देकर पांच विकेट लिए। मोहम्मद सैफुद्दीन को 3 और मेहंदी हसन को एक विकेट मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *