नई दिल्ली, लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद राहुल गांधी ने बुधवार को साफ कर दिया कि वे अब कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं है। इसके बाद अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और गांधी परिवार के बेहद करीबी मोती लाल वोरा को पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनाया जा सकता है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नए अध्यक्ष की नियुक्ति तक वोरा यह पदभार संभालेंगे। बता दें कि मोतीलाल वोरा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तरप्रदेश के गवर्नर भी रहे हैं। उन्हें यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी का बेहद करीबी माना जाता है। वह पार्टी के सभी बड़े फैसलों में शामिल रहे हैं।
राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा फिलहाल कांग्रेस पार्टी के महासचिव (प्रशासन) के पद पर हैं। इसके पहले राहुल गांधी ने बुधवार दोपहर बाद 4 पन्ने की चिट्ठी ट्वीट कर कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफे की आधिकारिक घोषणा की। लोकसभा चुनावों में पार्टी की करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए राहुल ने ट्विटर पर अपना प्रोफाइल भी अपडेट कर दिया, जिसमें उन्होंने खुद को अब भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का सदस्य और सांसद बताया है। पत्र में राहुल ने लिखा है कि उन्हें नया अध्यक्ष नामित करने के लिए कहा गया था,लेकिन उन्होंने साफ कहा कि वह नए अध्यक्ष का नाम नहीं सुझाएंगे। उन्होंने कहा, कांग्रेस कार्यसमिति को जल्द से जल्द एक बैठक बुलानी चाहिए और नए पार्टी अध्यक्ष पर फैसला करना चाहिए। आपको बता दें कि कांग्रेस के पार्टी नियम के मुताबिक अध्यक्ष के इस्तीफा देने के बाद सबसे वरिष्ठ नेता को अंतरिम अध्यक्ष बनाया जाता है। इसके बाद मोती लाल वोरा को यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।
मोतीलाल वोरा बनाये जा सकते है कांग्रेस पार्टी के अंतरिम अध्यक्ष