नई दिल्ली, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान उनसे पार्टी अध्यक्ष बने रहने का आग्रह किया। बैठक के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मीडिया को बताया ‘हमने राहुल जी से आग्रह किया कि वह अध्यक्ष पद पर बने रहें। उन्होंने हमें धैर्यपूर्वक सुना। हम आशा करते हैं कि वह हमारे आग्रह को स्वीकार करेंगे।’ इस बैठक में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने हिस्सा लिया था।
बैठक से पहले अशोक गहलोत ने कहा था ‘कांग्रेस शासित राज्यों के सभी मुख्यमंत्री कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रति एकजुटता प्रकट करने के लिए उनसे मुलाकात करेंगे। पहले भी हमने कहा है कि हम सभी कांग्रेस अध्यक्ष के साथ हैं और 2019 की हार की जिम्मेदार लेते हैं। हमारा यह मानना है कि मौजूदा हालात में सिर्फ राहुल जी ही पार्टी का नेतृत्व कर सकते है। देश और देशवासियों के कल्याण को लेकर उनकी प्रतिबद्धता सवालों से परे और बेमिसाल है।’
अशोक गहलोत ने कहा कि 2019 के चुनाव का नतीजा कांग्रेस के कार्यक्रम, नीति और विचारधारा की हार नहीं थी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कई मोर्चो पर मोदी सरकार की विफलता के बावजूद भाजपा सरकारी मशीनरी की मदद से उग्रवाद-राष्ट्रवाद के पीछे अपनी विफलता को छिपा ले गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने इस चुनाव को मुद्दा आधारित बनाए रखने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया।
कांग्रेस शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने राहुल से अध्यक्ष बने रहने का किया आग्रह