एमपी के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, सतना में 24 मिमी बारिश दर्ज

भोपाल,मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। राजधानी भोपाल में सोमवार को लगातार तीसरे दिन बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों भी तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिक जीडी मिश्रा ने एक्सप्रेस न्यूज, ईएमएस को बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के चलते अगले दो दिन में प्रदेश में 13 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। 16 जिलों में सामान्य बारिश का अनुमान है। गौरतलब है कि इसके पहले रविवार को देर रात से भोपाल समेत कई स्थानों पर हल्की बारिश से लेकर तेज बौछारें सुबह तक पड़ती रहीं। बुरहानपुर जिले में दो दिन से जारी बारिश के कारण नदी-नालों में अचानक भारी मात्रा में पानी भर गया हैं। इसके अलावा रायसेन, रतलाम, सीहोर, नीमच, खरगोन और बड़वानी जिले समेत पूर्वी मध्य प्रदेश के भी कई हिस्सों में कई स्थानों पर बूंदाबांदी और कई क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज हुई।
यहां भारी बारिश की चेतावनी
मंडला, सिवनी, छिंदवाड़ा, बैतूल, होशंगाबाद, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर, खंडवा, नीमच खरगोन, धार, देवास और मंदसौर जिलों में कहीं कहीं भारी बारिश की आशंका है।
जलभराव की स्थिति
प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश के चलते जलभराव की स्थिति बन गई है। राजधानी भोपाल में शनिवार रात से बारिश का दौर जारी है जो सोमवार शाम तक जारी रहा। हालांकि दिन में बारिश थमने से लोगों ने राहत की सांस ली।
मालवा-निमाड़ में भी बारिश
मालवा निमाड़, ग्वालियर चम्बल के इलाकों में भी जोरदार बारिश हो रही है। बुरहानपुर में तो बाढ़ जैसे हालात हैं। रविवार को यहां एक सूखी नदी में आई बाढ़ में सात मजदूर फंस गए थे, जिन्हे कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन ने सुरक्षित निकाला। इंदौर में भी जोरदार बारिश का दौर जारी है।
यह सिस्टम कर रहा काम
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो तीन दिन जोरदार बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र शक्तिशाली होकर आगे बढ़ रहा है। अब आने वाले दिनों इसी सिस्टम के चलते बारिश होगी। यह सिस्टम पूर्वी मप्र में तेज बरसात कराएगा। पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पडऩे का सिलसिला शुरू होगा। बारिश का यह क्रम 3-4 दिन तक चल सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं भारी वर्षा भी हो सकती है।
कहां कितनी बारिश
शहर बारिश (मिमी)
सतना 24
भोपाल 6.4
सागर 0.2
(सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच तक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *