मैनचेस्टर, विश्व कप क्रिकेट के एक लीग मैच में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज पर 125 रन की विशाल जीत हासिल की। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 268 रन बनाए जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की पूरी टीम 143 रन बनाकर ढेर हो गई।
269 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम की शुरुआत बेहद धीमी रही। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए विख्यात क्रिस गेल आज लड़खड़ाते नजर आए। पांचवे ओवर की पांचवीं गेंद पर जब वेस्टइंडीज का स्कोर मात्र 10 रन था क्रिस गेल को मोहम्मद शमी ने केदार जाधव के हाथों कैच करा दिया। गेल ने 19 गेंदों में एक चौके की सहायता से कुल जमा 6 रन बनाए। शाई होप को मोहम्मद शमी ने 5 रन के स्कोर पर बोल्ड कर दिया। 16 रन पर 2 विकेट गिर जाने के बाद वेस्टइंडीज की रन गति धीमी हो गई। सुनील अम्ब्रिस और निकोलस पूरन ने पारी संभालने की कोशिश की लेकिन। 18 वें ओवर की अंतिम गेंद पर सुनील को हार्दिक पंड्या ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। वेस्टइंडीज ने रिव्यू लिया लेकिन बेकार गया। सुनील ने 40 गेंदों में दो चौके की सहायता से 31 रन बनाए। 21वें ओवर में निकोलस पुरन कुलदीप यादव की गेंद पर मोहम्मद शमी द्वारा लपक लिए गए। उन्होंने 50 गेंदों में दो चौके की सहायता से 28 रन बनाए। इसके बाद विकेट लगातार गिरते रहे। वेस्टइंडीज के 5 विकेट 100 रन के भीतर ही गिर गए। जेसन होल्डर को यजुवेंद्र चहल में केदार जाधव के हाथों 6 रन के स्कोर पर कैच करवा दिया। कार्लोस ब्रेथवेट को बुमराह की गेंद पर धोनी ने विकेट के पीछे लपक लिया। उन्होंने 1 रन ही बनाया। फेबियन एलेन को बुमराह ने बिना खाता खोले एलबीडब्ल्यू कर दिया। अंत में शेल्डन कॉटरेल ने 8 गेंद में 1 चौके और एक छक्के की सहायता से 10 रन बनाकर वेस्टइंडीज की लाज बचाने की कोशिश की। उन्हें यूज़वेंद्र चहल ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। ओशन थॉमस को मोहम्मद शमी ने रोहित शर्मा के हाथों 6 रन के स्कोर पर कैच करा दिया। केमार रोच 21 गेंदों में तीन चौके की सहायता से 14 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज की पूरी टीम 34.2 ओवर में 143 रन पर धराशाई हो गई। भारत के लिए मोहम्मद शमी फिर फायदेमंद साबित हुए। उन्होंने 6.2 ओवर में मात्र 16 रन देकर चार विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह और यूज़वेंद्र चहल को दो-दो विकेट मिले। हार्दिक पंड्या और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफोर्ड में वेस्ट इंडीज के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 50 ओवर्स में टीम इंडिया ने सात विकेट खोकर 268 रन बनाये।
टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर रोहित शर्मा छठवें ओवर की अंतिम गेंद पर कैमार रोच द्वारा थाई होप को कैच करा दिए गए। रोहित 23 गेंदों में एक चौके, एक छक्के की सहायता से 18 रन ही बना सके। इसके बाद केएल राहुल और कप्तान विराट कोहली ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी की। जिस वक्त भारत का स्कोर 98 रन था जेसन होल्डर की एक भीतर घुसी गेंद से केएल राहुल बोल्ड हो गए। उन्होंने 64 गेंदों में छह चौके की सहायता से 48 रन बनाए।
इस बीच कप्तान विराट कोहली ने अपना शानदार खेल जारी रखा और विजय शंकर के साथ मिलकर पारी संभालने की कोशिश की लेकिन केमार रोच ने एक बार फिर शाई होप के हाथों विजय शंकर को कैच करा दिया। शंकर ने 19 गेंदों में 14 रन की पारी में तीन चौके लगाए। केदार जाधव भी कुछ खास नहीं कर सके और 7 रन बनाकर केमार रोच द्वारा आउट करा दिए गए, उनका कैच भी शाई होप ने पकड़ा।
इसके बाद कप्तान विराट कोहली और विकेटकीपर धोनी ने संभलकर खेलना शुरू किया। दोनों ने मिलकर 38 ओवर तक स्कोर 180 रन पहुंचाया। 39 वें ओवर की दूसरी गेंद पर कप्तान विराट कोहली जेसन होल्डर के शिकार बने। उनका विकेट सब्सीट्यूट ने पकड़ा। कोहली ने 82 गेंदों में 72 रन बनाए और 8 चौके मारे। वे सबसे कम पारियों में 20 हजार अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले विश्व के पहले बल्लेबाज भी बने। इसके बाद एमएस धोनी और हार्दिक पंड्या ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों ने अंतिम ओवर्स में अच्छे हाथ दिखाए। पंड्या को शेल्डन कॉटरेल ने फैबियन एलन के हाथों कैच करा दिया। पंड्या ने 38 गेंदों में पांच चौके की सहायता से 46 रन बनाए। मोहम्मद शमी बिना खाता खोले शेल्डन कॉटरेल की गेंद पर शाई होप को कैच दे बैठे। विकेटकीपर एमएस धोनी नाबाद रहे उन्होंने 61 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की सहायता से 56 रन का योगदान दिया। कुलदीप यादव 1 गेंद में बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे।
वेस्टइंडीज के लिए केमार रोच ने 10 गेंदों में 36 रन देकर तीन विकेट लिए। जेसन होल्डर और शेल्डन कॉटरेल को दो- दो विकेट मिले।
भारत की वेस्टइंडीज पर 125 रनों से विराट जीत, बेबस नजर आये विंडीज के बल्लेबाज