भोपाल मध्यप्रदेश की 15वीं विधानसभा का मानसून सत्र 8 जुलाई से शुरू होकर 26 जुलाई तक चलेगा। सत्र 19 दिन चलेगा। विधानसभा सचिवालय ने शुक्रवार को राज्यपाल को प्रस्ताव भेजा था, जिसका अनुमोदन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कर दिया है। इसके बाद विधानसभा सचिवालय द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई। कमल नाथ सरकार का पहला बजट प्रस्तुत किया जाएगा। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव की वजह से कांग्रेस सरकार के दूसरे सत्र में लेखानुदान पारित हुआ था जिसमें चार महीने का बजट सरकार को दिया गया था। मूल बजट पेश किए जाने के बाद भी इसे तकनीकी रूप से बजट सत्र नहीं कहा जा रहा है। 15 वीं विधानसभा का ये तीसरा सत्र है। प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने 17 दिसंबर को शपथ ली थी, इसके बाद दो सत्र संचालित किये गए थे।
15 बैठकें होंगी
19 दिवसीय मानसून सत्र में सदन की कुल 15 बैठकें होंगी। इसमें शासकीय विधि विषयक एवं वित्तीय कार्य संपादित किए जाएंगे। इस सत्र के लिए विधान सभा सचिवालय में अशासकीय विधेयकों की जानकारी 26 जून तक तथा अशासकीय संकल्पों की जानकारी 27 जून तक प्राप्त की जाएंगी। जबकि स्थगन और ध्यानाकर्षण तथा नियम 267 के अधीन दी जाने वाली सूचनाएं विधान सभा सचिवालय में 3 जुलाई से ली जाएंगी।
एमपी विधानसभा का मानसून सत्र 8 जुलाई से शुरू होगा जिसमें पेश किया जायेगा नाथ सरकार का पहला बजट
