नीमच, बुरहानपुर, रतलाम में बारिश, नीमच में ओले गिरे, ग्वालियर में पारा 47 पहुंचा

भोपाल,देश के अधिकांश भागों में जहां नौतपा लोगों को झुलसा रहा है, वहीं मध्यप्रदेश के कई शहरों में झमाझम बारिश हो गई। शुक्रवार शाम से मौसम में आये बदलाव के बाद शनिवार को बारिश के साथ ओले भी गिरे। नीमच, बुरहानपुर, रतलाम में तो लगातार एक घंटे बारिश हुई। बुरहानपुर में दो दिनों से रुक-रुककर बारिश जारी है। नीमच में चने के आकार के ओले भी गिरे। बारिश के बाद शहरों का तापमान 4-5 डिग्री तक कम हो गया। नीमच में 2 बजे तक 43 डिग्री पर पहुंचा पारा 4 डिग्री गिरकर 39 पर पहुंच गया। बारिश का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है, सड़कों पर पानी बहता दिखई दिया। नीमच के साथ मनासा, जावद, भादवामाता सहित जिलेभर में कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश हुई। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बुरहानपुर क्षेत्र में नवतपा बहुत तप रहा है। यही कारण है कि अरब सागर से यहां पर नमी पहुंच रही है। गर्मी में नमी घुलने से एक सिस्टम बना है, जिसके चलते बारिश हुई। उन्होंने बताया कि इसे प्री-मानसून एक्टीविटी भी कहते है। मार्च से प्री-मानसून एक्टीविटी शुरू हो जाती है। इसमें अमूमन बारिश के आसार बनते रहते हैं।
आंधी का अनुमान
नीमच, मंदसौर, शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर, उमरिया, शहडोल, मंडला और पन्ना जिलों में कहीं-कहीं धूलभरी आंधी चलने के साथ गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
45 पार जायेगा पारा
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि भले ही कुछ जगहों पर बारिश हुई है, लेकिन अधिकतर स्थानों में गर्मी ने लोगों को झुलसाया। आने वाले दिनों में सभी शहरों का पारा 45 डिग्री पार जा सकता है। शनिवार को प्रदेश में सर्वाधिक 47 डिग्री सेल्सियस तापमान ग्वालियर, खजुराहो, नौगांव में दर्ज किया गया।
20 को दस्तक दे सकता है मानसून
6 जून तक केरल में दस्तक देने वाला मानसून मध्यप्रदेश में 20 जून तक दस्तक दे सकता है। मानसून इस बार लेट है क्योंकि सामान्यत: यह 31 मई या 1 जून तक पहुंच जाता था।
पारामीटर
ग्वालियर 47
दमोह 46.5
रीवा 46
खरगोन 45
टीकमगढ़ 45
जबलपुर 44.1
इंदौर 41.5
भोपाल 44.1

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *