हापुड़ में भी दोहराई गई अमेठी जैसी घटना, भाजपा के पन्ना प्रमुख की गोली मार कर हत्या

हापुड़,लोकसभा चुनाव परिणाम के बाद पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में हिंसा का दौर शुरू हो गया। इस कड़ी में उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री और अमेठी से चुनी गईं स्मृति ईरानी के करीबी भाजपा नेता की हत्या के बाद हापुड़ में भी एक भाजपा नेता की गोली मार कर हत्या करने का मामला सामने आया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, हापुड़ के गांव करनपुर में घर के बाहर सो रहे भाजपा के पन्ना प्रमुख की शनिवार रात गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। निकट में ही सो रहे मृतक के पुत्र ने शोर मचाया तो दोनों बदमाश जंगल की ओर भाग गए। गांव निवासी चंद्रपाल सिंह पुत्र पूरन सिंह भाजपा के पन्ना प्रमुख थे। उनके पांच पुत्र और एक पुत्री हैं। शनिवार रात वह घर के बाहर सो रहे थे। उनके पुत्र देवेंद्र थोड़ी दूर दूसरी चारपाई पर सो रहे थे। देर रात दो बदमाश वहां आए और चंद्रपाल के पड़ोसी धर्मपाल के घर के बाहर लगे बिजली का बल्ब फोड़कर अंधेरा कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने चंद्रपाल को आवाज लगाई। आवाज सुनकर चंद्रपाल जैसे ही उठकर बैठे, बदमाशों ने उनकी कनपटी से सटाकर गोली चला दी, लेकिन निशाना चूक गया। गोली उनकी बायीं आंख में लगी। इसके बाद वह औंधे मुंह नीचे गिर गए। बदमाशों ने चंद्रपाल की कमर में दो गोलियां मारीं। गोलियों की आवाज सुनकर देवेंद्र की नींद खुली तो उसने शोर मचा दिया। इसके बाद बदमाश पैदल ही जंगल की ओर भाग गए। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्रित हो गए, तब तक चंद्रपाल की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पुत्र ने बताया कि एक बदमाश ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *