जबलपुर, जबलपुर लोकसभा क्षेत्र के नतीजे बेहद चौकाने वाले रहे यूं तो जबलपुर लोकसभा सीट पर चुनाव प्रचार के दौरान ही भाजपा बढ़त में नजर आ रही थी लेकिन भाजपा को इस तरह एक तरफा बढ़त मिलेगी इसका अंदाजा बहुत कम लोगों को ही था। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के परिणामों पर नजर डाली जाये तो आठों विधानसभा क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी की शानदार विजय हुई और कांग्रेस को उतनी ही करारी हार का सामना करना पड़ा। एक भी विधानसभा क्षेत्र कांग्रेस नहीं जीत पाई।
पनागर में सबसे बड़ी हार
कांग्रेस की सबसे करारी हार पनागर विधानसभा क्षेत्र में हुई जहां उसे ८६ हजार ८८९ वोटों से पराजय का सामना करना पड़ा। दूसरी बड़ी हार प्रदेश के वित्त मंत्री तरुण भनोत के पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में हुई जहां कांग्रेस के प्रत्याशी विवेक कृष्ण तन्खा को ८४ हजार २५२ मतों से पराजय का सामना करना पड़ा। तीसरे नम्बर पर बरगी विधानसभा क्षेत्र रहा यहां से कांग्रेस के विधायक संजय यादव हैं। बरगी क्षेत्र में कांग्रेस को ५९ हजार ८९३ वोटों से हार मिली। इसके बाद उत्तर मध्य विधानसभा क्षेत्र हार के मामले में चौथे नम्बर पर रहा। यहां कांग्रेस को ४८ हजार ९२८ मतों से शिकस्त मिली जबकि केंट में ८४ हजार २३५ मतों से कांग्रेस को पराजय का मुंह देखना पड़ा। जबकि पूर्व में कांग्रेस की सबसे छोटी हार हुई। यहां से प्रदेश के केबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया हैं इधर कांग्रेस को ९ हजार ५९० मतों से हार मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में पाटन में ५८ हजार ८०८, सिहोरा में ५६ हजार १८८ मतों से पराजय का सामना कांग्रेस को करना पड़ा।
पिछले चुनाव से भी कांग्रेस को कम वोट मिले
२०१४ के लोकसभा चुनाव के मुकाबले २०१९ में जब ११ प्रतिशत मतदान अधिक हुआ था इसके बावजूद कांग्रेस अपने वोट बैंक को बढ़ाने बजाये सुरक्षित भी नहीं रख पाई। २०१४ के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के विवेक कृष्ण तन्खा को ३ लाख ५५ हजार ९७० वोट मिले थे जबकि भाजपा के राकेश सिंह को ५ लाख ६४ हजार ६०९ मत प्राप्त हुये थे लेकिन २०१९ के चुनाव में भाजपा के राकेश सिंह को ८ लाख २४ हजार ६७४ मत जबकि कांग्रेस के विवेक कृष्ण तन्खा को ३ लाख २३ हजार ५३८ मत प्राप्त हुये।
सिहोरा में राहुल और केंट में आये थे मोदी
सिहोरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को ५६ हजार से अधिक वोटों से हार मिली। यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आम सभा ली थी। इधर केंट विधानसभा क्षेत्र के गैरिसन मैदान मेंं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभा संबोधित करने आये थे यंहा भाजपा को ४८ हजार २३५ वोटों से जीत मिली।
कहां किसको कितने वोट मिले
विधानसभा राकेश सिंह (भाजपा) विवेक कृष्ण तन्खा (कांग्रेस) जीत हार का अंतर
बरगी १ लाख ६ हजार ८१६ ४६ हजार ९२३ ५९ हजार ८९३
पश्चिमी १ लाख १७ हजार ६४७ ३३ हजार ३९५ ८४ हजार २५२
सिहोरा १ लाख ९ हजार ७५ ४४ हजार ७८७ ५६ हजार १८८
पनागर १ लाख २९ हजार ५७३ ४२ हजार ४८४ ८६ हजार ८८९
केंट ८४ हजार २४० ३६ हजार ००५ ४८ हजार २३५
पाटन १ लाख १० हजार ९७२ ५२ हजार १६४ ५८ हजार ८०८
पूर्व ७६ हजार ३६६ ६६ हजार ७७६ ९ हजार ५९०
मध्य ९७ हजार १०२ ४८ हजार १७४ ४८ हजार ९२८
दोनों केबिनेट मंत्रियों और लोकसभा की सभी आठों विधान सभा क्षेत्रों में पिछड़ गए विवेक तन्खा
