कांग्रेस कार्यकर्त्ता को प्रियंका का ऑडियो सन्देश, स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्रों पर डटे रहो

नई दिल्ली, लोकसभा चुनाव के एग्जिट पोल आने के बाद सरकार बनाने और गिराने का खेल शुरू हो गया है। मध्यप्रदेश से लेकर पूरे देश में केंद्र में जहां सरकार बनाने को लेकर एनडीए और यूपीए में रणनीति बनाने का काम तेज हो गया है, वहीं मध्यप्रदेश में भाजपा कमलनाथ सरकार गिराने की तैयारी कर रही है। भाजपा ने राज्यपाल को पत्र लिखकर विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। तो वहीं कांग्रेस विधायकों की खरीद फरोख्त भी शुरू होने के आसार बढ़ गए हैं। इस बीच दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से नरोत्तम मिश्रा की मुलाकात ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। हालांकि, मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बहुमत साबित करने का दावा किया है, लेकिन पल-पल सियासी समीकरण बन और बिगड़ रहे हैं।
प्रियंका बोली-हिम्मत न हारें कार्यकर्ता
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे न्यूज चैनलों की ओर से प्रसारित एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत मिलने के अनुमान पर ध्यान न दें।कांग्रेस महासचिव ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्रों पर डटे रहें। कार्यकर्ताओं को जारी ऑडियो संदेश में प्रियंका ने कहा, आप लोग, अफवाहों और एग्जिट पोल से हिम्मत मत हारिए। ये अफवाहें आपका हौसला तोडऩे के लिए फैलाई जा रही हैं। इस बीच आपकी सावधानी और भी महत्वपूर्ण बन जाती है। स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्रों पर डटे रहिए और चौकन्ने रहिए। प्रियंका ने कहा, हमें पूरी उम्मीद है कि हमारी और आपकी मेहनत का फल मिलेगा।
ममता बनर्जी ने कहा, एकजुट हों विपक्षी दल
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी नायडू के स्वर में स्वर मिलाए थे। उन्होंने ट्वीट करके एग्जिट पोल को खारिज कर दिया है। ममता बनर्जी ने कहा, मैं एग्जिट पोल की गप पर यकीन नहीं करती। इस बकवास से हजारों ईवीएम से छेड़छाड़ या उन्हें बदलने की योजना बनाई जा रही है। मैं अपील करती हूं कि सभी विपक्षी दल एकजुट हों। हम साथ मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *