भोपाल, प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की अध्यक्ष श्रीमती शोभा ओझा ने आज कहा है कि साध्वी प्रज्ञा द्वारा नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताए जाने के बाद हुए घटनाक्रम से साफ जाहिर हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी के मन में महात्मा गांधी के प्रति कोई सम्मान का भाव नहीं है और वह केवल दिखावे के लिए ही उनका सम्मान करती है। दरअसल वह देश पर गांधी की बजाय गोडसे की विचारधारा को थोपना चाहती है।
अपने बयान में श्रीमती शोभा ओझा ने आगे कहा कि चाहे साध्वी प्रज्ञा का बयान हो, अनंत कुमार हेगड़े का बयान हो या अनिल सौमित्र का बयान हो, यही भारतीय जनता पार्टी की असली विचारधारा है, जिसे मोदी जी और अमित शाह भी मन में तो रखते हैं लेकिन सत्ता के लालच में व्यक्त नहीं कर पाते, अन्यथा क्या कारण है कि देश की भावनाओं को आहत करने वाले, ऐसे बयानों के बाद भी, भारतीय जनता पार्टी ने अपनी उम्मीदवार प्रज्ञा ठाकुर को पार्टी से बाहर निकालने की बजाय अपने एक छोटे मोहरे अनिल सौमित्र को पार्टी से निलंबित करने की दिखावटी कार्यवाही की है।
श्रीमती शोभा ओझा ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी, गांधीजी के अपमान के प्रति इतनी ही संवेदनशील होती तो वह सौमित्र जैसे छोटे मोहरे पर निलंबन की कार्यवाही करने की बजाय, साध्वी प्रज्ञा को अविलंब पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाती। देश भारतीय जनता पार्टी के इस दोहरे चरित्र, दिखावटी चेहरे और असली मंशा को गौर से देख रहा है और उसे लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण में भी करारा सबक सिखाने के लिए पूरी तरह से आतुर है।
भाजपा की नीयत साफ नहीं, सौमित्र का निलंबन नहीं, प्रज्ञा ठाकुर का निष्कासन करो – शोभा ओझा