कमल हासन की सफाई, बोले हर धर्म में होते हैं आतंकवादी

चेन्नई,अभिनेता से नेता बने कमल हासन पिछले दिनों अपने एक बयान कि आजाद भारत का पहला आतंकी हिंदू था की वजह से विवाद से घिर गए हैं। उन्होंने अपने बयान को लेकर सफाई देते हुए कहा है कि हर धर्म में आतंकवादी होते हैं और कोई धर्म यह दावा नहीं कर सकता कि वह दूसरे के धर्म से बेहतर है। उल्लेखनीय है कि अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने तमिलनाडु के करुर जिले की अरिवाकुरिची विधानसभा सीट उपचुनाव के लिए प्रचार के दौरान कहा था आजाद भारत का पहला आतंकवादी एक हिंदू था और उसका नाम नाथूराम गोडसे था। मैं यह इसलिए नहीं कह रहा हूं क्योंकि यहां पर कई सारे मुस्लिम मौजूद हैं। मैं महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने खड़े होकर यह कह रहा हूं।
बयान को लेकर हो रहे भारी विरोध पर कमल हासन ने कहा वह गिरफ्तार होने से नहीं डरते। जब से कमल हासन ने यह बयान दिया है, तब से उनकी रैलियों में पत्थर और अंडे फेंके जाने की घटनाएं सामने आई हैं। पत्रकारों से बात करते हुए कमल ने कहा आतंकवादी हर धर्म में होते हैं। इतिहास में ऐसे कई लोगों को कई धर्मों में देख सकते हैं। मैंने यही कहा था कि हर धर्म के अपने आतंकवादी होते हैं। कोई यह दावा नहीं कर सकता कि हम दूसरे धर्म से बेहतर हैं और हमने ऐसा कभी नहीं किया। इतिहास गवाह है कि हर धर्म में चरमपंथी तत्व होते हैं। इस बयान के बाद मिल रहीं धमकियों और त्रिची में पत्थर फेंके जाने की घटना के बारे में हासन ने कहा कि उन्हें डर नहीं लग रहा है। उन्होंने कहा राजनीति का स्तर नीचे जा रहा है। लेकिन वह कीचड़ उछालने वालों में शामिल नहीं होंगे। वह गिरफ्तार होने से डरते नहीं हैं। अगर उन्हें गिरफ्तार किया गया तो और भी परेशानी होगी। कमल हासन ने कहा कि यह चेतावनी नहीं, सलाह है। जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या यह बात मुस्लिम समुदाय के बीच लोकप्रियता हासिल करने के लिए कही गई थी, तो कमल हासन ने कहा वह मुस्लिम, ईसाई या हिंदू, हर समुदाय तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *