कोलकाता, कोलकाता में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के रोड शो के दौरान आगजनी और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आईं हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता में कॉलेज स्ट्रीट पर भाजपा प्रमुख अमित शाह के रोड शो का काफिला गुजरने के दौरान विरोधी दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाने की कोशिश की जिसके बाद वाम और भाजपा के छात्र कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो गई। दोनों ओर से पत्थरबाज़ी भी हुआ और लाठी-डंडे भी चले। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया।
जैसा की पता है 19 मई को लोकसभा चुनावों के अंतिम चरण के मतदान से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मंगलवार को अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में कोलकाता में रोड शो किया। रोड शो शाम 4:30 बजे कोलकाता के एस्प्लेनेड इलाके से शुरू हुआ और उत्तरी कोलकाता में स्वामी विवेकानंद भवन पर जाकर खत्म हुआ। शाह उत्तरी कोलकाता से भाजपा उम्मीदवार राहुल सिन्हा और दक्षिणी कोलकाता से पार्टी उम्मीदवार चंद्र कुमार बोस के साथ एक सुसज्जित ट्रक पर खड़े होकर सड़क के दोनों तरफ मौजूद लोगों की भीड़ का अभिवादन कर रहे थे।
भाजपा अध्यक्ष के काफिले के आगे राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों की संस्कृतियों को प्रदर्शित करती झांकी चल रही थी। भाजपा के झंडे लहराते हुए पार्टी के समर्थकों को ‘जय श्री राम’ के नारे लगाते सुना गया। रोड शो में भगवान राम और हनुमान की तरह सजे-धजे लोग भी देखे गए।
इसके पहले कोलकाता पुलिस रैली स्थल पहुंच गई और अनुमति के कागजात मांगे। रिपोर्ट के मुताबिक कोलकाता पुलिस ने स्टेज से जुड़े परमिशन मांगे और पेपर न देने पर मंच को तोड़ने को कहा। इसे लेकर विवाद बढ़ा। इधर कोलकाता पुलिस और राज्य चुनाव आयोग के अधिकारी सड़कों से पीएम मोदी और अमित शाह का पोस्टर हटाते रहे । भाजपा नेता मुकुल रॉय ने आरोप लगाया है कि राज्य चुनाव आयोग के अधिकारी ममता सरकार के समर्थक के रूप में काम कर रहे हैं। इधर,कैलाश विजयवर्गीय ने ट्वीट किया, “अमित शाह जी की रैली में अड़ंगेबाजी, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने भाजपा को परेशान करने के लिए प्रशासन को खुला छोड़ रखा है। अमित शाह जी की रैली में अड़चन डालने के लिए लाऊडस्पीकर को पुलिस ने मुद्दा बना लिया है। ये चुनाव आचार संहिता है या ममता सरकार की हठधर्मी?”
कैलाश विजयवर्गीय ने अपने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी जारी किया है। इस वीडियो में वह कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी के साथ बात करते नजर आ रहे हैं। कोलकाता पुलिस के अधिकारी कैलाश विजयवर्गीय को बता रहे हैं कि वे आचार संहिता का पालन नहीं कर रहे हैं। कैलाश विजयवर्गीय ने वीडियो में पुलिसकर्मी के साथ बहस करते नजर आ रहे हैं। बता दें कि सोमवार को भी पश्चिम बंगाल में अमित शाह और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की कुछ रैलियों को रद्द कर दिया गया था। अमित शाह जादवपुर में रैली करने वाले थे, जबकि योगी आदित्यनाथ की रैली 15 मई को होने वाली थी। बता दें कि 19 मई पश्चिम बंगाल की 9 सीटों पर मतदान होना है। ये सभी सीटें टीएमसी की गढ़ रही हैं।
कोलकाता में अमित शाह के रोड शो में आगजनी और पत्थरबाजी से हड़कंप