छठवें चरण में 7 राज्यों की 59 सीटों पर 63.49 % मतदान, हिंसा के बीच बंगाल में 80.35 % वोटिंग

नई दिल्ली,लोकसभा चुनाव के छठे चरण में देशभर के 7 राज्यों की 59 सीटों पर रविवार को 63.49 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान प.बंगाल में कई जगहों पर हिंसा हुई। यहां भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी पर हमला और कार्यकर्ताओं के मारे जाने की भी सूचना आई। बाकी जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा है। शाम 9.50 बजे तक करीब 63.49 फीसदी मतदान हुआ। इस दौर में राष्टपति रामनाथ कोंविद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर समेत कई नेताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2014 में भाजपा ने इन 59 में 45सीटें अकेले जीती थीं। उसकी सहयोगी लोजपा को १ सीट मिली थी। तृणमूल कांग्रेस को ८, कांग्रेस-आईएनएलडी को दो-दो और सपा को एक सीट मिली थी।

दिल्ली
राजनीतिक दलों के आरोप प्रत्यारोप के बीच यहां 59.73 फीसदी मतदान हुआ। आप प्रत्याशी राघव चड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, एक व्यक्ति ने 4 बार वोट डाला। हमने 8 से 10 ऐसे लोग पहचाने और एक को रंगे हाथ पकड़ भी लिया। वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र संख्या 116, 117 और 122 पर ईवीएम काम नहीं कर रही हैं।
पुलिस का कहना है कि उन्हें रोहिणी के बेगमपुर में ईवीएम के काम नहीं करने के बारे में सूचना मिली थी लेकिन ईवीएम को ठीक कर दिया गया। छठे चरण के लोकसभा चुनाव में रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दिल्ली में अपना वोट डालने वाले लोगों में शामिल रहे। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, केन्द्रीय मंत्री और चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हर्षवर्धन, पूर्व क्रिकेटर और भाजपा के पूर्वी दिल्ली सीट से उम्मीदवार गौतम गंभीर, नई दिल्ली और उत्तरपूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन और शीला दीक्षित ने भी अपना वोट डाला है।

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में सभी स्थानों पर मतदान शांतिपूर्ण रूप रहा और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना नहीं हुई। 64.76 फीसदी मतदान हुआ। छठे चरण के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस महासचिव और गुना संसदीय क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी पत्नी प्रियदर्शनी राजे के साथ ग्वालियर में मतदान किया। भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार और मालेगांव बम विस्फोट मामले में आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भोपाल में वोट डाला जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह भोपाल में मतदान नहीं कर सके क्योंकि वह भोपाल लोकसभा सीट के मतदाता नहीं हैं।

उत्तर प्रदेश
छठे चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यहां 54.74 प्रतिशत वोटिंग हुई। इस चरण में करीब 2 करोड़ 53 लाख मतदाताओं ने 177 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया। मतदान के लिए कुल 16998 केंद्र बनाए थे। मतदान को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बल और पीएसी जवान तैनात किए गए। सुलतानपुर के इसौली विधानसभा क्षेत्र के मायंग मतदान केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी और सपा बसपा गठबंधन प्रत्याशी चन्द्रभद्र सिंह उर्फ सोनू के बीच कहासुनी हो गई। वहीं, सपा ने आजमगढ़ के गोपालपुर में मुस्लिमों, पिछड़ों और दलितों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहचान पत्र और अन्य चीजों को लेकर काफी समय बर्बाद किए जाने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि इससे मतदान की गति प्रभावित की जा रही है, क्योंकि प्रचण्ड गर्मी की वजह से लोग ज्यादा वक्त तक कतार में नहीं खड़े हो सकते।

पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार पर हमले और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी की खबरों के बीच लोकसभा चुनाव के छठे चरण में देश भर में 59 सीटों पर जबरदस्त मतदान हुआ।  यहां 80.35 फीसदी वोटिंग हुई। पश्चिमी मेदिनीपुर जिले से हिंसा की सूचनाएं आई। घाटल से भाजपा प्रत्याशी और भारतीय पुलिस सेवा की पूर्व अधिकारी भारती घोष के काफिले पर हमला किया गया। पथराव में उनका एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया और काफिले का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज किया गया।

बिहार
बिहार में मतदान शांतिपूर्ण रहा है। हालांकि शिवहर लोकसभा क्षेत्र में मतदान शुरू होने से पहले एक सुरक्षाकर्मी बंदूक साफ कर रहा था। इस दैरान दुर्घटनावश गोली चलने की घटना में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। वहीं दूसरी ओर, राज्य में कई मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में खराबी आने की खबरें भी मिली। जिससे मतदान में देरी भी हुई। यहां 59.29 फीसदी मतदान हुआ। प्रदेश के पूर्वी चंपारण से केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह, वैशाली से राजद उम्मीदवार रघुवंश प्रसाद सिंह जैसे बड़े नाम मैदान में हैं। वहीं सीवान में स्थानीय बाहुबलियों की पत्नियों के बीच मुकाबला है। जदयू ने स्थानीय विधायक कविता सिंह को टिकट दिया, जो अजय सिंह की पत्नी हैं। राजद ने हीना शाहाब को टिकट दिया है। वह चार बार सांसद रह चुके जेल में बंद मोहम्मद शाहबुद्दीन की पत्नी हैं।

हरियाणा
प्रदेश के सभी 10 लोकसभा सीटों पर 68.34 फीसदी मतदान रहा है। पूरे राज्य में मतदान एक ही चरण में हुआ। सोनीपत सीट से चुनाव लड़ रहे जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि जींद जिले में बूथ संख्या 88, 89 और 90 पर उनकी पार्टी का चिह्र ईवीएम मशीनों पर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा और कुछ मतदाताओं ने इस संबंध में उनसे शिकायत की थी। चौटाला ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और चुनाव आयोग को इसे देखना चाहिए। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुड़गांव में वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर ऊंगली में स्याही लगी तस्वीर पोस्ट की।

झारखंड
झारखंड में 4 लोकसभा सीटों के लिए रविवार शाम तक कुल 64.50 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां मतदान 4 बजे ही खत्म हो गया था। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। विशेषकर सिंहभूम में बंपर मतदान हुआ। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और हजारों करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा के बीच कांटे का मुकाबला है। राज्य के जल संसाधन मंत्री और राजग-आजसू के गिरिडीह से प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी एवं सिंहभूम सीट से उम्मीदवार गीता कोड़ा और भाजपा के तीन निवर्तमान सांसदों-प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, जमशेदपुर से विद्युत बरण महतो और धनबाद से पीएन सिंह के भाग्य का फैसला आज हो रहे मतदान से होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *