भोपाल, मध्यप्रदेश की राजनीति में मंगलवार को उबाल आ गया। कांग्रेसी नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के घर जाकर उन्हें कर्ज माफी वाले किसानों की सूची सौंपी । सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे कांग्रेसियों को देखकर भाजपा भी सकते में आ गई। दरअसल, हुआ यूं कि पिछले कुछ दिनों से शिवराज सिंह चौहान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ पर झूठ बोलने के आरोप मढ़ रहे हैं। शिवराज चुनावी सभाओं में कह रहे थे कि कमल नाथ ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया, वे जनता से झूठ बोल रहे हैं। इसी से नाराज कांग्रेसी नेता कागजातों के बंडल लेकर शिवराज के आवास पहुंच गए। नेता सुरेश पचौरी और जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा दो गाडिय़ों में भरकर शिवराज सिंह चौहान के आवास पर पहुंचे और उन 21 लाख किसानों की सूची भी सौंपी, जिनके कर्ज माफ किये जा चुके हैं। कागजात इतने ज्यादा थे कि इन्हें गाड़ी में भरकर ले जाया गया। पूर्व मुख्यमंत्री को जो दस्तावेज सौंपे गए उनमें किसानों के नाम की सूची, उनके मोबाइल नंबर, कर्जमाफी के सर्टिफिकेट, किस बैंक से लोन लिया गया यह सब जानकारी दी गई। सुरेश पचौरी ने कहा कि किसानों की कर्जमाफी का मामला छिपा नहीं है। सारी जानकारी ऑनलाइन है। शिवराज और भाजपा लोगों को गुमराह कर रही है। झूठ परोस रही है। इसलिए हमने आज शिवराज को किसानों की कर्जमाफी से जुड़ी जानकारी दी है
यह सूची झूठ का पुलिंदा
इन कागजों को देखकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कमल नाथ ने मुझे कृषि विभाग की किसानों की सूची भिजवाई है। मुझे बैंकों की सूची दीजिए, कर्ज माफ तो बैंक करेंगे। उन्होंने कहा किमाहौल बिगाडऩे और किसानों को भ्रमित करने से कुछ नहीं होगा। केवल सूची बना देने से कर्जा माफ नहीं हो सकता। शिवराज ने सवाल किया कि 48 हजार करोड़ की बात कहकर 1300 करोड़ दिए हैं, तो कर्जा कैसे माफ होगा?
MP में किसान कर्ज माफी पर रार कांग्रेस ने शिवराज को सौंपे किसान कर्ज माफी के कागज