खेल पुरस्कारों की जल्द घोषणा संभव, इन खिलाड़ियों को दिए सकते हैं अवार्ड

नई दिल्ली,भारतीय कुश्ती संघ ने पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया के नाम राजीव खेल रत्न पुरस्कार के लिए भेजे हैं। विनेश ने हाल ही में एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में 53 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है जबकि बजरंग पूनिया ने अब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आठ स्वर्ण जीते हैं। बजरंग ने राष्ट्रमण्डल और एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीते। राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार है। इसमें पदक और प्रशस्ति पत्र के साथ खिलाड़ी को 7.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है।
अर्जुन पुरस्कार : राहुल, हरप्रीत, दिव्या और पूजा
वहीं कुश्ती संघ ने इन दोनो के अलावा अर्जुन पुरस्कार के लिए राहुल अवारे, हरप्रीत सिंह, दिव्या ककरन और पूजा ढांडा के नामों की सिफारिश की है। 2018 राष्ट्रमण्डल खेलों में राहुल ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। दिव्या ककरन ने एशियाई खेलों में पदक जीता है। वहीं पूजा ने 2010 के समर यूथ ओलिंपिक और 2018 के राष्ट्रमण्डल खेलों में रजत पदक जीता था।
इसके अलावा द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए कोच विरेंदर कुमार, सुजीत मान, नरेंद्र कुमार विक्रम कुमार, भीम सिंह और जय प्रकाश का नाम भेजा गया है।
खेल रत्न : नीरज (भाला फेंक)
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने भाला फेंक खिलाड़ी खिलाड़ी नीरज चोपड़ा को खेलरत्न पुरस्कार के लिये नामांकित किया है। नीरज को पिछले साल अर्जुन पुरस्कार मिला था। उन्होंने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। उन्हें पिछले साल भी खेलरत्न के लिये नामांकित किया गया था पर उन्हें अर्जुन पुरस्कार दिया गया। इस बार एक बार फिर एथलेटिक्स महासंघ ने नीरज का नाम भेजा है। वह विश्व स्तर पर भारतीय ध्वजवाहक भी रहे हैं।

अर्जुन पुरस्कार : तेजिंदर सहित पांच खिलाड़ी (ट्रैक और फील्ड)
इसके अलावा ट्रैक और फील्ड के पांच खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिये नामित किया है। इनमें एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता तेजिंदर पाल सिंह तूर (शाटपुट), अरपिंदर सिंह (त्रिकूद), मनजीत सिंह (800 मीटर), स्वप्ना बर्मन (हेप्टाथलन) और दुती चंद (100 और 200 मीटर में रजत) शामिल हैं।
खेल रत्न : हीना और अंकुर (निशानेबाजी)
भारतीय राष्ट्रीय राइफल्स संघ (एनआरएआई) ने निशानेबाज हीना सिद्धू और अंकुर मित्तल को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार दिए जाने की सिफारिश की है। एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता महिला निशानेबाज हीना ने 2013 में आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल्स में स्वर्ण पदक जीता था। 29 साल की हीना ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत और 25 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण भी जीता है। वर्ष 2014 में उन्हें अर्जुन अवॉर्ड मिला था। वहीं, दूसरी ओर पुरुष वर्ग में अंकुर ने 2018 में दक्षिण कोरिया में हुई आईएसएसएफ विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में डबल ट्रैप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। इसके अलावा उन्होंने 2017 विश्व चैंपियनशिप में भी रजत हासिल किया था। अंकुर को पिछले साल अर्जुन अवॉर्ड भी मिला था।
अजुर्न पुरस्कार : अंजुम, शाहजार और शाहजार
एनआरएआई ने इसके अलावा अजुर्न पुरस्कार के लिए अंजुम मोदगिल, शाहजार रिजवी और ओम प्रकाश मिथरवाल के नामों की सिफारिश जबकि द्रोणाचार्य अवॉर्ड के लिए जसपाल राणा और रौनक पंडित के नाम भेजे गये हैं।
खेल मंत्रालय इन सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा के बाद निर्णय करेंगे। मंत्रालय चयन समिति को राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों के लिए अपने सुझाव दे सकता है। ये खेल पुरस्कार हर वर्ष महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर 29 सितंबर को दिए जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *