भोपाल,कंप्यूटर बाबा ने कल राजधानी में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के चुनाव में सक्रिय रूप से प्रचार करने के लिए अपनी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि देशभर के 13 अखाड़ों से सात हजार साधु-संत भोपाल पहुंच रहे हैं। यह सभी साधु सात मई से दिग्विजय सिंह के समर्थन में प्रचार करेंगे। तीन दिनों तक साधु-संत धूनी तापेंगे। साथ ही 7 मई को हठ योग कर दिग्विजय सिंह को जिताने के लिए यज्ञ करेंगे। 8 मई को हजारों साधु-संतों के साथ रोड-शो और शोभायात्रा भी निकालेंगे। उन्होंने कहा कि हम नर्मदा यात्रा करने वाले दिग्विजय सिंह के साथ हैं, जेल यात्रा करने वालों के साथ नहीं हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सिर्फ झूठ बोलते हैं। मोदी सरकार सेना के नाम पर वोट मांग रही है, यह ठीक नहीं है। मोदी ने पिछले पांच वर्ष में जो किया है उसके नाम पर वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भारत में इतना झूठा प्रधानमंत्री कभी नहीं आया और न आएगा। भाजपा 100 सीटों पर सिमट जाएगी। बीजेपी जो कहती वह करती नहीं और कांग्रेस जो कहती है वह करती है। उन्होंने कहा कि मप्र में शिवराज सरकार ने मां नर्मदा को बेचकर खा गए। साधु-संतों की कुटिया उजाड़ दी। शिवराज गली-गली घूम रहे, लेकिन कोई साथ नहीं दे रहा है। नदियों में रेत के अवैध उत्खनन पर बाबा ने कहा कि 23 मई के बाद कहीं भी मशीन से अवैध उत्खनन नहीं होने दूंगा। शिवराज ने नर्मदा के किनारे पौधे लगाने के नाम पर बड़ा घोटाला किया है, जिसकी 23 मई के बाद नर्मदा किनारे लगे पौधों की भी जांच करवाऊंगा।यहां बता दें कि कंप्यूटर बाबा भोपाल संसदीय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में उतर आए हैं। इससे पहले वे भाजपा की सरकार में राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। इसके बाद उन्होंने कतिपय कारणों से भाजपा का दामन छोडकर कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। इसके बाद से ही वे भाजपा के खिलाफ खुलकर मैदान में आ गए हैं।
दिग्विजय को चुनाव जिताने कंप्यूटर बाबा तापेंगे धूनी, करेंगे हठ योग, 13 अखाडों के साधु-संत प्रचार में जुटे