अगर मुझ से बेहतर हिंदू हैं,भाजपा के लोग तो सामने आकर बताएं: दिग्विजय

भोपाल,लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने खजूरी कलां में जनसंपर्क के दोरान भाजपा को छद्म हिंदूवादी व राष्ट्रवादी निरूपित करते हुए कहा कि चुनाव आते ही भाजपा के लोगों को हिंदू धर्म खतरे में दिखाई देता है, राम मंदिर याद आता है। भाजपा सिर्फ झूठ बोल सकती है कुछ कर नहीं सकती।
सिंह ने भाजपा के राष्ट्रवाद पर चुटकी लेते हुए नागरिकों से आग्रह किया यह सवाल इन लोगों से करें जब भगत सिंह, गांधी, नेहरू और सरदार पटेल आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे, तब ये भाजपा के लोग कहां थे? सिंह ने कहा कि वह भाजपा को चुनौती देते हैं यदि उनसे बेहतर हिंदू हैं तो वे उनके सामने आकर बताएं उपस्थित लोगों को सिंह ने बताया कि उन्होंने नर्मदा की यात्रा पैदल पूर्ण की तथा नंगे पैर गोवर्धन परिक्रमा की है।
दिग्विजयसिंह ने शहीद हरीशचंद्र पाल को दी श्रद्वांजलि
वहीं दिग्विजयसिंह आज जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान बीएचईएल अवधपुरी स्थित शहीद हरीशचंद्र पाल को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके निवास पर पहुंचे। शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया।

जब गांधी नेहरू पटेल आजादी की लड़ाई लड़ रहे थे तब भाजपा कहाँ थी
दिग्विजय सिंह विद्यानगर में जन संपर्क करते हुए जनता से कहा नेता भाषण देते हैं और चले जाते हैं, लेकिन वे जिस भी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं,उस क्षेत्र के लोगों से परिवारिक रिश्ता रखते हैं। जनसंपर्क के दौरान लोगों ने अपने कांग्रेस प्रत्याशी का भव्य स्वागत किया। उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याओं से सिंह को अवगत कराया। दिग्विजय सिंह जी ने कहा कि वे उनकी समस्याओं का निराकरण जरूर करेंगे। दिग्विजय सिंह के साथ जनसंपर्क में मंत्री गण डॉक्टर प्रभु राम चैधरी, पीसी शर्मा,पूर्व मंत्री राजकुमार पटेल, विभा पटेल रणवीर सिंह आदि बड़ी संख्या में कांग्रेस जन साथ थे।

संघ ने कभी गांधी के विचारों को नहीं माना
गांधी भवन में संविधान संसदीय प्रणाली चुनाव और जनतंत्र संगोष्ठी को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि मुझे बिना शर्त वामपंथी संगठनों ने समर्थन दिया है। भाजपा के एक सांसद ने कहा कि आखिरी चुनाव है इसके बाद चुनाव नहीं होंगे। उन्होंने उपस्थित लोगों को कहा कि यह चुनाव आम चुनाव नहीं हैं,यह चुनाव देश के संविधान को बचाए रखने की लड़ाई।
सिंह ने आगे कहा कि भाजपा के नेता हेगड़े ने कहा दो तिहाई बहुमत भाजपा को आया, तो देश का संविधान बदल देंगे। आर एस एस ने कभी देश के संविधान को नहीं माना महात्मा गांधी को चश्मे तक सीमित कर दिया (स्वच्छ भारत का)। संघ ने गांधी के विचारों को कभी स्वीकार नहीं किया। सिंह ने कहा कि यह विचारधाराओं की लड़ाई है, व्यक्तियों की लड़ाई नहीं।
सिंह ने दावे के साथ कहा कि नरेंद्र मोदी अब प्रधानमंत्री नहीं बन सकते, शर्त यह है कि हम अपनी विचारधारा पर बने रहें और अपना घर संभाल कर रखें। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के नेता सीताराम येचुरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और कहा कि ‘‘ह’’ से हिंदू और ‘‘म’’ से मुस्लिम होता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अनुरोध किया कि दिग्विजय सिंह जी को जीत दिला कर, भोपाल से मजबूत सांसद भेजना है।

जीएसटी में होगा बदलाव
इधर, दिग्विजय सिंह ने गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन में उद्योगपतियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बिना तैयारी नोट बंदी की, जिससे अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचा। नोटबंदी के दौरान 50 दिन में 64 नियम मोदी सरकार ने बदले। सिंह ने आरोपित करते हुए कहा कि संसद की स्टैंडिंग कमेटी (वित्त मामले) के वे सदस्य हैं। किंतु आरबीआई गवर्नर उर्जित पटेल ने कभी नोटबंदी पर मांगे गए स्पष्टीकरण का जवाब उन्हें नहीं दिया।
सिंह ने मोदी सरकार और भाजपा नेताओं को गलत बताते हुए कहा कि मल्टी जीएसटी सफल नहीं हो सकता। किसी देश में मल्टी स्लैब जीएसटी नहीं है। अभी तक 130 संशोधन सरकार ने जीएसटी में किये है। देश की अर्थव्यवस्था खस्ताहाल है। चीन को भी अपने जीएसटी में बदलाव कर स्लैब जीएसटी लागू करना पड़ा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने जीएसटी को लेकर हमेशा नागरिकों के हित की लड़ाई लडी है और इसमें कांग्रेस सरकार बदलाव कर इसे आसान व व्यवहारिक बनाएगी।
सिंह ने मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि कमलनाथ जी एक बार जो ठान लेते हैं, फिर उनको कोई प्रभावित नहीं कर सकता। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि फैक्ट्री एक्ट राज्य सरकार का विषय है, तो इसमें बदलाव जरूर होगा। सिंह ने उद्योगपतियों से कहा कि यू-ट्यूब पर मेरा राज्यसभा में दिए हुए जीएसटी पर भाषण को देखें। मैंने जो भी कहा था जीएसटी पर वह सच निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *