मोदी सरकार ने 44 कानून बदल कर मजदूरों के खिलाफ ही नीतियां बनाई: दिग्विजय

भोपाल,मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि मजदूर ही देश की ताकत है, यही देश का निर्माण करते हैं अगर मजदूर खुश हैं तो देश खुशहाल है अगर ये खुश नहीं है तो हमें चिंतित होना चाहिए। भेल में 22000 कर्मचारी थे आज 6000 बचे हैं, ठेके पर मजदूरी कराई जा रही है, यह मजदूरों के साथ अन्याय है। जिस नोटबंदी का मोदी जी ढोल पीटते हैं, उसका संघ के मजदूर संगठन ने कहा कि करोड़ों मजदूर बेरोजगार हो गए हैं। 45 साल मे सबसे ज्यादा बेरोजगारी की दर मोदी जी के राज में बढ़ी। देश के युवाओं की 1 करोड़ 10 लाख नौकरियां आपने छीन ली। हमने प्रावधान किया था कि प्रदेश के युवाओं को 4000 रुपए बेरोजगारी भत्ता नौकरी मिलने तक दिए जाएंगे उस वचन को हमने निभाया है। सिंह ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने 44 कानून बदल कर मजदूरों के खिलाफ नीतियां बनाई है। उन्होंने मजदूरों के हितों में कोई काम नहीं किया है केवल उनका शोषण किया है। मोदी जी के राज में बी एच ई एल की हालत खराब हो गई है
बीएसएनएल को खत्म करने के लिए उनको 4 जी स्पेक्ट्रम नहीं दिया। मुख्यमंत्री रहते हुए मैंने यहां सीवेज लाइन, पानी की लाइन डाली थी, भेल प्रबंधन मजदूरों की लाइन काट रहा है। मैं उनसे बात करूंगा और आपकी समस्या उठाऊंगा। हम भेल का पुनरुत्थान करेंगे। नेहरू जी ने एनटीपीसी, भेल ओएनजीसी बनाया मोदी जी ने ऐसे सभी संस्थानों को ध्वस्त कर दिया है। चुनाव के बाद इन सभी संस्थानों को फिर से खड़ा करेंगे। ताकि युवाओं को रोजगार मिले एवम सरकारी संस्थान सुदृढ हो सकें। इधर,दिग्विजय हुजूर विधानसभा के मुबारकपुर में पूर्व सैनिकों की कॉलोनी रक्षा विहार पहुंचे, उनसे मुलाकात की। इस अवसर पर पूर्व सैनिक भाइयों ने कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह का स्वागत किया तथा उन्होंने दिग्विजय सिंह को याद दिलाया कि आप की सरकार ने ही पूर्व सैनिक कॉलोनी के लिए भूमि आवंटित की थी। इस कॉलोनी में लगभग 800 प्लाट है। किंतु कॉलोनी का विकास नहीं होने के कारण लगभग 150 मकान ही आज तक बने हैं। पूर्व सैनिकों ने यह भी बताया कि कॉलोनी का निर्माण 1994 में हुआ था तथा आज दिनांक तक प्रशासन की लापरवाही के कारण यह तय नहीं हुआ कि कॉलोनी बीडीए अथवा नगर निगम के अधीन है।
सिंह ने अपने जनसंपर्क में भाजपा पर आरोप लगाया की भाजपा के नेता सेना के नाम पर वोट मांगते हैं और राष्ट्रवाद की दुहाई देते हैं, किंतु सैनिकों की छोटी सी कॉलोनी के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया। सिंह ने कहा 15 वर्ष से राज्य में भाजपा की सरकार थी, 30 वर्ष से भाजपा सांसद था तथा इतने ही वर्षों से विधायक व महापौर, भाजपा का ही था पर किसी ने पूर्व सैनिकों की और ध्यान नहीं दिया। पूर्व सैनिकों ने बताया की 2003 के बाद से इस कॉलोनी में एक भी कार्य नहीं हुआ है। पानी की भारी किल्लत है, रोड खस्ता हाल है, सीवेज लाइन नहीं होने के कारण मच्छर, गंदगी के कारण समस्याओं का अंबार लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *