शिरडी, सोमवार दोपहर महाराष्ट्र के शिरडी में स्पाइस जेट का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. मिली जानकारी के मुताबिक स्पाइस जेट बी737-800 का विमान दिल्ली से शिरडी के लिए उड़ान भरी थी. शिरडी में विमान जब लैंड कर रहा था तो रनवे से बाहर चला गया. इस घटना में विमान का सामने वाला पहिया टूट गया. गनीमत ये रही कि इस घटना में चालक दल और विमान में बैठे यात्रियों को कोई चोट नहीं आई. हादसे के बाद यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. विमान में सवार यात्रियों की संख्या के बारे में अभी तक जानकारी नहीं मिल सकी है. स्पाइस जेट इस हादसे की जांच कर रहा है. इस हादसे के कारण हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही ठप्प हो गई है. बता दें कि शिरडी एयरपोर्ट का उद्घाटन साल 2017 में हुआ है. शिरडी मंदिर से ये एयरपोर्ट 14 किलोमीटर दूर है. शिरडी एक प्रसिद्ध तीर्थस्थल है जहां बाहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं. यहां पर 19वीं सदी में बने साईं बाबा का विशाल मंदिर है, इस वजह से यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं.
स्पाइस जेट का विमान शिरडी एयरपोर्ट के रनवे पर फिसला,आगे का पहिया टूटा