भोपाल,कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी एवं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा ने हमेशा धर्म के नाम पर राजनीति की है। चुनाव के समय उन्हें राम मंदिर और धारा 370 याद आती है। धर्म के नाम को बचाने की दुहाई दी जाती है, लेकिन यह बात ये लोग नहीं जानते कि हजारों साल मुस्लिमों और ईसाइयों का देश में राज रहा तब हिंदू धर्म का कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाया तो अब क्या होगा। यह बात उन्होंने कल अशोका गार्डन में हुई चुनावी सभा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि
भाजपा ने धर्म को नहीं छोड़ा। इसे भी भ्रष्ट कर दिया। जहां हिंदू धर्म में हर-हर महादेव की गूंज होती है, लेकिन उन्होंने घर-घर मोदी के नाम का नारा लगातर धर्म की मर्यादाओं को ही तोड़ दिया। भोपाल में ये लोग हिंदू-मुस्लिम एकता को तोड़ना चाहते हैं। किसी भी तरह की घटना को अंजाम देकर विध्वंश कर सकते हैं। आप लोग सावधान रहिए। दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नोटबंदी के दौरान कमीशन खाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अहमदाबाद सहकारी बैंक में ही सबसे ज्यादा नोट बदले गए। नोटबंदी के नाम पर इतना भ्रष्टाचार हुआ कि भाजपा के ही एक विधायक ने इस मामले पर पीएम मोदी को पत्र भी लिखा। लेकिन भाजपा के लोग कमीशन खाने में लगे हुए थे। संघ व भाजपा गरीब विरोधी दिग्विजय सिंह ने कहा कि संघ और भाजपा दोनों ही छोटे व्यापारी, मध्यम व्यापारी, मजदूर और गरीबों के विरोधी हैं। उन्होंने हमेशा बड़े उद्योगपतियों के पक्ष में निर्णय लिया है। विजय माल्या, नीरव मोदी जैसे उद्योगपति हजारों करोड़ रुपए खा गए लेकिन कोई कुछ नहीं बिगाड़ पाया।
दिग्विजय सिंह ने शनिवार को नरेला क्षेत्र में प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि साध्वी मुझे आतंकी बताती हैं। लेकिन भाजपा के अंदर ध्रुव सक्सेना जैसे आतंकी हैं उन पर कुछ नहीं बोलतीं। यह मुझे हिंदू विरोधी बताती हैं। मैं कहता हूं तुमसे (साध्वी) बेहतर हिंदू मैं हूं। सिंह ने कहा यदि साध्वी के श्राप से कोई मरता है तो देश के आतंकियों को श्राप क्यों नहीं देती। एक शहीद के लिए ऐसे बयानों की राजनीति करना उनके स्तर को दर्शाता है। दिग्विजय सिंह ने यह भी कहा कि जब मुझे टिकट मिला तो भाजपा अपना उम्मीदवार तय नहीं कर पा रही थी। मामा (शिवराज सिंह चौहान) डर गए, उमा भारती बोलीं अपने भाई के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ूंगी, बाबूलाल गौर ने कहा तबीयत खराब रहती है। लेकिन मुझे आलोक संजर पर दया आती है। जो चार लाख वोटों से जीता उसे मोदी जी ने नोटबंदी के पुराने नोट की तरह रिजेक्ट कर दिया। दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह के राज में मंत्री-विधायक मस्त थे। उनका वेतन और सुविधाएं तो बढ़ा दी गई लेकिन विधवाओं की पेंशन नहीं बढ़ाई गई। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की हैलीकॉप्टर से की गई नर्मदा यात्रा पर तंज कसते हुए कहा कि मामा ने इसलिए नर्मदा परिक्रमा की थी, क्योंकि वे यह देखना चाहते थी रेत के लिए खनन कहां-कहां कराया जा सकता है।
राम मंदिर और धारा 370 जैसी बातें भाजपा को चुनाव के समय ही याद आती है -दिग्विजय