भिक्षाटन है प्रज्ञा ठाकुर की आय का मुख्य स्रोत, दर्ज हैं कई संगीन मामले

भोपाल,भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की आय का स्रोत भिक्षा है। उनका गुजर-बसर समाज से मिलने वाली मदद पर निर्भर है। यह जानकारी उन्होंने अपने निर्वाचन के दौरान पेश किए दस्तावेजों में दी है। प्रज्ञा ठाकुर ने सोमवार को शुभ मुहूर्त में अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। उसके साथ अपनी संपत्ति का ब्यौरा भी दिया है। इस ब्यौरे के मुताबिक प्रज्ञा सिंह ठाकुर भिक्षा और समाज से मिलने वाली मदद पर निर्भर हैं। उनकी अपनी अलग से कोई आय नहीं है। उन्होंने लिखा है कि आय का स्त्रोत भिक्षाटन और समाज है। इस हिसाब से अब तक उनके पास कुल 4 लाख 44 हजार 224 रुपए की चल-अचल संपत्ति है।
इसमें से 2 लाख 54 हजार 400 रुपए के जेवरात हैं। प्रज्ञा ठाकुर ने ज़ेवरात का भी विस्तार से ब्यौरा दिया है। उनके पास सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी और सप्तधातु का सुमिरनी है। इसके साथ एक लाख 14 हजार रुपए, चांदी का कमंडल, कटोरी, प्लेट, लोटा, अंगूठे का रिंग, कड़े और राम नाम की ईट एक लाख 40 हजार 400 रुपए की है।प्रज्ञा ठाकुर के पास इस समय 90 हजार नगद हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बैरागढ़ शाखा में दो खातों में 99 हजार 824 रुपए जमा हैं। भाजपा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर पर आपराधिक केस भी थाने में दर्ज हैं। उन पर हत्या, हत्या का प्रयास और आतंवादी कृत्य के मामले दर्ज हैं। उनके ख़िलाफ मालेगांव जिला नासिक में 2008 में एफआईआर दर्ज हुई थी और मामला बांबे उच्च न्यायालय में लंबित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *