‘भारत’ में बिल्कुल अलग अंदाज़ में नजर आ रहे हैं सलमान, फिल्म का नया पोस्टर जारी

मुंबई,बालीवुड के दबंग सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ का फैन्स की बड़ी ही बेसब्री से इंतज़ार है। इस फिल्म का एक नया पोस्टर जारी किया गया है, जिसमें वह बिल्कुल अलग अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। फिल्‍म में सलमान और कटरीना के अलावा दिशा पाटनी, सुनील ग्रोवर, नोरा फतेही और तबू अहम किरदारों में हैं। फिल्‍म इस साल ईद के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सलमान ने अपने सोशल अकाउंट पर इस पोस्टर की तस्वीर शेयर की है। ट्विटर पर अपना यह पोस्टर शेयर करते हुए सलमान ने लिखा है, ‘इतने सफेद बाल मेरे सर और दाढ़ी में हैं, उससे कहीं ज्यादा रंगीन मेरी जिंदगी रही हैं #भारत ‘ यकीनन सलमान का ऐसा उम्रदराज लुक पर्दे पर आपको पहली बार देखने को मिलेगा।तस्वीर में सलमान काफी बुजुर्ग लुक में नजर आ रहे। सफेद बाल और सफेद दाढ़ी और मूंछ में सलमान इस तस्वीर में पहचान में भी नहीं आ रहे। इसके साथ ही उन्होंने ब्लैक फ्रेम वाला चश्मा भी लगा रखा है। पोस्टर पर लिखा है, ‘एक व्यक्ति और एक देश की जर्नी साथ-साथ’ और इस पोस्टर पर 2010 लिखा नजर आ रहा है। वैसे तो इस तस्वीर में पूरे फ्रेम में सलमान नजर आ रहे हैं, लेकिन गौर से देखेंगे तो कुछ और भी तस्वीरें स्पष्ट नजर आ रही हैं। एक मां की गेद में उनके बच्चे हैं और जैकी श्रॉफ के साथ एक छोटा बच्चा दिख रहा है। इसके अलावा लोगों की भीड़ की भी तस्वीर नजर आ रही है। ये तस्वीरें अपने आप में किसी कहानी को दर्शा रही हैं। बता दें कि पिछले कुछ समय से इस फिल्म के ट्रेलर को लेकर काफी चर्चा है, जो जल्द ही रिलीज़ होनेवाला है। कटरीना ने पिछले दिनों अपना एक पोस्टर जारी करते हुए यह घोषणा की कि फिल्म का ट्रेलर 10 दिनों बाद रिलीज हो रहा है। बता दें, ‘भारत’ में सलमान खान लीड रोल में हैं। यह फिल्‍म कोरिअन वॉर ड्रामा ‘ऐन ओड टू माइ फादर’ पर बेस्‍ड है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *