मोदी सरकार ने युवाओं से काम छीना, भावनाएँ भड़काने की राजनीति कर रही भाजपा-कमलनाथ

भोपाल, मुख्यमंत्री कमल नाथ ने मंगलवार को बालाघाट में एक चुनावी सभा के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारों ने हमेशा जुमलों, झूठी घोषणाओं और भावनाएँ भड़काने की राजनीति की है। 15 साल की शिवराज सरकार और पाँच साल की मोदी सरकार इसकी सबसे बड़ी मिसाल हैं। मोदी सरकार ने युवाओं के हाथों से काम छीन लिया। श्री नाथ आज बालाघाट लोकसभा क्षेत्र में वारासिवनी और हट्टा में आयोजित विशाल चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा कि भाजपा के इसी चरित्र के कारण कभी देश और प्रदेश का हित नहीं हुआ। जनता ने अपने आपको ठगा महसूस किया। मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्र सुरक्षा और आतंकवाद को लेकर कांग्रेस पर वे लोग आरोप लगा रहे हैं जिनका चरित्र कभी राष्ट्रवादी नहीं रहा। उन्होंने राष्ट्रवाद शब्द का उपयोग जनता की भावनाएँ भड़काने और वोट पाने के लिए किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आतंकवाद खात्मे की बात वो लोग कर रहे हैं जिनके थोड़े से शासनकाल में सबसे ज्यादा हमले हुए। संसद तक सुरक्षित नहीं रही जो भारत की शान रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की जनता यह समझ चुकी है कि भाजपा हो या उसके रहनुमा बनकर आए मोदी हो ये सिर्फ कलाकारी, 100 झूठ बोलकर उसे सच बनाने की राजनीति कर रहे है।
मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में सिर्फ 100 दिन में कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि हमने इतने कम दिनों में दिखा दिया कि हम नारों, जुमलों, घोषणाओं और विज्ञापन पर नहीं काम पर भरोसा करते है। 50 लाख में से 22 लाख किसानों का कर्जा माफ हमने कर दिया। आचार सहिंता के बाद पूरे 50 लाख किसानों का कर्जा माफ हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की मोदी सरकार हो या मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार दोनों ने युवाओं के हाथों से काम छीना है। प्रदेश में जितने उद्योग लगाने का दावा किया उससे ज्यादा बंद हो गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *