मोदी सरकार ने जनता और नौजवानों के सपनों को तोड़ा, अगले पाँच साल में कृषि और रोजगार के क्षेत्र में नई क्रांति लाएंगे

भोपाल, मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि पिछले पाँच साल में इस देश के लोगों के अच्छे दिन तो नहीं आए लेकिन मोदी सरकार के आखिरी दिन जरूर आ गए। नाथ ने आज सीधी और शहडोल लोकसभा क्षेत्र में चुनावी सभाओं में भाजपा की मोदी सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि इस देश को जनता और नौजवानों को जो सपने दिखाए थे वे तो पूरे नहीं हुए बल्कि आज देश को खतरनाक मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है। जहाँ देश की सुरक्षा और अर्थव्यवस्था खतरे में पड़ गई है। उन्होंने मध्यप्रदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि 100 दिन में कांग्रेस की सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया और नौजवानों को काम दिया। अभी हमारे पास पाँच साल है। आने वाले दिनों में हम कृषि और रोजगार के क्षेत्र में एक नई क्रांति लाएंगे और मध्यप्रदेश को देश के विकसित प्रदेशों के नक्शे में अंकित करके रहेंगे।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आज विंध्य प्रदेश की सीधी लोकसभा क्षेत्र की देवसर और शहडोल लोकसभा क्षेत्र के अनूपपुर में विशाल आम सभाओं में कहा कि देश की जनता खासतौर पर नौजवान, गरीब और किसान याद करे कि प्रधानमंत्री ने क्या कहा था। उन्होंने 15 लाख देने का वादा तो किया ही था मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया की बात की थी। उन्होंने हर वर्ष 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा किया था। इस देश की जनता को इसके पहले कभी ऐसे सरेआम नहीं ठगा गया। आज अच्छे दिन सिर्फ उन्हीं के आए जो भाजपा के है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रवाद पर निशाना साधते हुए चुनौती दी कि मोदी जी और उनकी भाजपा एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का नाम बताएं जो उनकी पार्टी या उनकी विचारधारा से जुड़ा रहा हो। ऐसे लोग कांग्रेस को राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ा रहे हैं जिसका स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष और बलिदान से भारत का इतिहास भरा पड़ा है। मोदी जी कहते हैं उनके जीते जी ही देश सुरक्षित रहेगा। मेरा सवाल है कि आज से पाँच साल पहले देश असुरक्षित था। क्या हमारी नेवी, एयरफोर्स, हमारी फौज, सैनिक स्कूल विभिन्न सुरक्षा संस्थान मोदी जी ने बनाए। यह देन है हमारे पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और श्रीमती इंदिरा गाँधी की जो कांग्रेस पार्टी के थे। नाथ ने कहा कि देश की सुरक्षा के नाम पर घड़ियाली आँसू बहाने वाले भाजपाइयों के राज में सबसे ज्यादा आतंकी हमले हुए चाहे वह संसद पर हो या लाल किले पर।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने लगभग तीन माह पहले कांग्रेस पार्टी की सरकार प्रदेश में बनाने पर जनता का अभार व्यक्त करते हुए कहा कि 100 दिन में हमने बताया है कि अगले पाँच वर्ष में हमारी नियत और नीति क्या रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 100 दिन में बिजली की बात हो, पेंशन की बात हो, कृषि क्षेत्र, हमारे किसानों और नौजवानों की बात हो, हमने बड़े फैसले लिए और किसानों, नौजवानों की प्रगति के नए द्वार खोले है। उद्योगों के जरिए हमने रोजगार की संभावनाओं को तलाशा है। मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार में जितने उद्योग लगे नहीं उससे अधिक बंद हो गए । ऐसी स्थिति में नए उद्योगों ने प्रदेश की ओर देखा ही नहीं। यह जो अविश्वास है इसे हम लौटाएंगे और प्रदेश में निवेश का नया इतिहास बनाएंगे। निवेश की यह नीति नौजवानों के रोजगार से जुड़ी रहेगी। जो उद्योग जितने रोजगार देगा उसे सरकार उतनी अधिक सुविधाएँ देगी।
बूथ जिताएं कांग्रेस की सरकार बनाएं

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *