लखनऊ,लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश से चार और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने फूलपुर से प्रयागराज की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी पटेल को प्रत्याशी घोषित किया है। आजमगढ़ की लालगंज सुरक्षित सीट से सांसद नीलम सोनकर पर दांव लगाया है। झांसी से सांसद तथा केंद्रीय मंत्री उमा भारती के चुनाव लड़ने से इनकार करने के बाद उनकी जगह अनुराग शर्मा और बांदा में सांसद भैरो प्रसाद मिश्रा की जगह आरके पटेल को टिकट दिया है। भाजपा ने अब तक घोषित 70 उम्मीदवारों में 15 सांसदों का टिकट काटा है। इसके अलावा पार्टी ने लखीमपुर खीरी के निघासन विधानसभा के उप चुनाव के लिए भी प्रत्याशी घोषित किया है। यहां से पूर्व मंत्री रामकुमार वर्मा के निधन से खाली सीट पर उनके पुत्र शशांक वर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है।