गुजरात ने 35 साल पहले अहमद पटेल के रूप में चुना था आखिरी मुस्लिम सांसद

अहमदाबाद,गुजरात ने 35 साल पहले आखिरी बार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को मुस्लिम सांसद के रूप में लोकसभा भेजा था। अहमद पटेल इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सहानुभूति की लहर में 1984 में लोकसभा का चुनाव जीते थे। हालांकि इसके बाद सन 1989 में हुए चुनाव में वह भरुच सीट से भाजपा के चंदू देशमुख के हाथों हार गए। उसके बाद से आज तक कई लोकसभा चुनाव हो चुके हैं, मगर गुजरात से एक भी मुस्लिम उम्मीदवार निर्वाचित होकर लोकसभा में नहीं पहुंचा है।
राज्य की कुल आबादी का 9.5 फीसदी मुसलमान हैं। सन 1962 में हुए पहले लोकसभा चुनाव में गुजरात के बनासकांठा से जोहरा चावड़ा चुनी गईं, उसके बाद 1977 के चुनाव में दो मुस्लिम उम्मीदवार अहमद पटेल (भरुच) और एहसान जाफरी (अहमदाबाद) लोकसभा पहुंचे। सन 1977 के चुनाव में पहली और आखिरी बार सबसे ज्यादा मुस्लिम सांसद (2) लोकसभा पहुंचे। सन 2014 के चुनाव तक का इतिहास देखें तो राष्ट्रीय पार्टियों में कांग्रेस ने महज 15 मुस्लिम प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में उतारा था, भाजपा ने तो एक भी मुस्लिम उम्मीदवार को कभी टिकट ही नहीं दिया। इस बार भी कांग्रेस ने सिर्फ एक मुस्लिम प्रत्याशी को भरुच से टिकट दिया है।
भरुच सीट पर मुस्लिम आबादी सबसे अधिक है। यहां 15।64 लाख मतदाताओं में 22 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं। जबकि, जनजातीय मतदाताओं की संख्या 31 फीसदी है। अहमदाबाद (पश्चिम) पर 25 फीसदी मुस्लिम मतदाता हैं। गांधीनगर स्थित जुहापुरा इलाका सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला इलाका है, जहां मुस्लिम आबादी 4 लाख से भी ज्यादा है। इस बार गांधीनगर से भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव मैदान में हैं।
कांग्रेस ने 1962 से उतारे तो 8 मुस्लिम उम्मीदवार हैं, मगर इनमें से सिर्फ अहमद पटेल ही 1977, 1982 और 1984 में जीतने में सफल रहे। सेंटर ऑफ सोशल स्टडीज की किरन देसाई ने कहा गुजरात में मुस्लिम सामाजिक ही नहीं बल्कि राजनीतिक तौर पर भी पिछड़े हुए हैं। सन 2002 के दंगों के बाद यह स्थिति और गंभीर हुई है।
कांग्रेस ने 1989 के बाद से सिर्फ सात मुस्लिम उम्मीदवारों को लोकसभा चुनाव में टिकट दिया है। गुजरात भाजपा प्रवक्ता भरत पांड्या ने कहा हमारी पार्टी जीतने की क्षमता पर ध्यान देती है, इसके अलावा स्थानीय स्तर पर उम्मीदवार की पकड़ जैसे मानकों के आधार पर टिकट दिया जाता है। कांग्रेस के मनीष दोषी ने कहा गुजरात विधानसभा में हमारे 3 मुस्लिम विधायक हैं, हमने पहले भी मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया है, मगर उनमें से कोई जीत नहीं सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *