भाजपा में वाजपेयी युग का खात्मा, आडवाणी, मुरली मनोहर के बाद शांता कुमार का टिकट कटा

शिमला, इस लोकसभा चुनाव में भाजपा नए कलेवर में दिखेगी, उसे खड़ा करने में जिन नेताओं ने अपना खून-पसीना बहाया अब वह हाशिये पर कर दिए गए हैं। कह सकते है कि अटल बिहारी वाजपेयी युग का समापन हो गया है। आडवाणी को इस बार भाजपा ने टिकट नहीं दिया है। रविवार को हिमाचल प्रदेश के लोकसभा उम्मीदवारों की लिस्ट जारी हुई, जिसमें वाजपेयी युग के बड़े नेता शांता कुमार का नाम नहीं है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी का भी टिकट कटना तय माना जा रहा है।
भाजपा ने हिमाचल प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार समेत अपने चार में से दो सांसदों के टिकट काट दिए। पार्टी ने प्रदेश की सभी चार सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। पार्टी ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बेटे अनुराग ठाकुर को हमीरपुर से और राम स्वरूप को मंडी से फिर से टिकट दिया है। भाजपा ने अपने सांसद वीरेंद्र कश्यप की जगह पच्छाद से विधायक सुरेश कश्यप को शिमला से उम्मीदवार बनाया है। 84 साल के शांता कुमार ने गुरुवार को नई दिल्ली में कहा था कि वह संसदीय चुनाव लड़ना नहीं चाहते हैं। इसी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री जाहिर तौर पर चुनावी राजनीति से सेवानिवृत्त हो गए। भाजपा ने 2014 के लोकसभा चुनाव में सभी चार सीटें जीती थीं। उसने राज्य के मंत्री और धर्मशाला के विधायक किशन कपूर को शांता कुमार की जगह कांगड़ा से टिकट दिया है. 68 वर्षीय किशन कपूर, जय राम ठाकुर नीत भाजपा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री हैं। वहीं सुरेश कश्यप (48) 16 साल से ज्यादा समय तक भारतीय वायु सेना में काम कर चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *