सबसे बड़ी गीता का अनावरण, असुरों को खत्म करने की ताकत, प्रभु हम सभी को दे: मोदी

नई दिल्ली,पाकिस्तान की सरजमीं पर भारतीय वायुसेना के एक्शन से पड़ोसी मुल्क में खलबली मची हुई है। इस बीच, मंगलवार की शाम दिल्ली में इस्कॉन टेंपल के एक कार्यक्रम में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इशारों में पाकिस्तान पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मानवता के दुश्मनों से धरती को बचाने के लिए प्रभु की शक्ति हमारे साथ हमेशा रहती है। यही संदेश हम पूरी प्रामाणिकता के साथ दुष्ट आत्माओं, असुरों को देने का प्रयास कर रहे हैं। पीएम ने इतना कहा तो सभा में मौजूद लोग तालियां बजाने लगे। इशारा साफ था, आज ही भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान में घुसकर जैश-ए-मोहम्मद के बालाकोट स्थित आतंकी ठिकाने को पूरी तरह से तबाह कर दिया। इस कार्रवाई में करीब 350 आतंकियों के मारे जाने की खबर है।
पीएम ने कहा कि हमें बताया गया है कि इस कार्यक्रम में अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, हंगरी सहित कई देशों से लोग पहुंचे हैं। उन सभी का अभिवादन करते हुए मोदी ने कहा कि साथियों, आज का दिन बहुत ही महत्वपूर्ण है। यह कहकर पीएम जरा सा रुके तो सभा में बैठे लोग हाथ उठाकर तालियां बजाने लगे। करीब 15 सेकंड तक लोग मोदी-मोदी के नारे लगाते रहे। ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए गए। कुछ लोग खड़े होकर पीएम का अभिवादन करने लगे। इसके बाद पीएम ने ‘हरे कृष्ण-हरे कृष्ण’ कहा और सभी को शांत कराया।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, कि अभी मुझे दिव्यतम ग्रंथ गीता के भव्यतम रूप को राष्ट्र को समर्पित करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवसर मेरे लिए और भी खास है क्योंकि मैं उस जगह खड़ा हूं, जहां करीब दो दशक पहले अटल बिहारी वाजपेयी ने इस मंदिर परिसर का शिलान्यास किया था।
बता दें कि मंगलवार को पीएम मोदी ने दुनिया की सबसे बड़ी गीता का अनावरण किया। उसकी लंबाई 12 फीट और चौड़ाई 9 फीट है। बताया जा रहा है कि इस गीता का वजन करीब 800 किलोग्राम है। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि श्रीमद्भागवदगीता भारत का दुनिया को सबसे प्रेरक उपहार है। गीता पूरे विश्व की धरोहर है। गीता हजारों साल से प्रासंगिक है। दुनिया के नेताओं से लेकर सामान्य मानव तक सभी को गीता ने लोकहित में कर्म करने का मार्ग दिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *