चुरू, आतंकियों पर एयरस्ट्राइक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के चुरू में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज आपका मिजाज कुछ अलग लग रहा है, मैं आपका यह उत्साह समझ रहा हूं।यह ऐसा मौका है जब हम अपने देश के पराक्रमी वीरों को सिर झुकाकर नमन करें। खास बात रही कि प्रधानमंत्री जिस मंच से रैली को संबोधित कर रहे थे। उसपर पुलवामा में शहीद 40 सीआरपीएफ जवानों की तस्वीरें भी लगी थीं। उन्होंने कहा, मैं आज चुरू की धरती से आप लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि देश सुरक्षित हाथों में है।’ प्रधानमंत्री ने आगे कहा, देश से बढ़कर कुछ नहीं होता। देश की सेवा करने वाले, देश के निर्माण में लगे हर व्यक्ति को यह प्रधानसेवक नमन करता है। चुरू, सीकर के हजारों नौजवान राष्ट्ररक्षा में डटे हुए हैं इसलिए आपकी सेवा मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली के दौरान 2014 में चुनाव प्रचार के दौरान चर्चा में आई कविता ‘मैं देश नहीं झुकने दूंगा’ दोहराई। मोदी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा, सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं झुकने दूंगा। सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं मिटने दूंगा। मैं देश नहीं रुकने दूंगा। मेरा वचन है, भारत मां को तेरा शीश झुकने नहीं दूंगा। जाग रहा है देश मेरा, हर भारतवासी जीतेगा। सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं झुकने दूंगा।
पीएम मोदी ने कहा कि बाबा गोरखनाथ की धरती गोरखपुर से पीएम किसान सम्मान निधि का उद्घाटन कर लाखों किसानों के अकाउंट में सीधे पहली किस्त पहुंच गई। इस योजना से राजस्थान और चुरू के 50 लाख किसान परिवार लाभान्वित होने जा रहे है। हालांकि राजस्थान के एक भी किसान को इसका अभी तक लाभ नहीं मिल पाया है। कारण है कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने किसानों की लिस्ट ही नहीं भेजी। मैं कांग्रेस सरकार से विनती करता हूं कि किसानों के हित की इस योजना को रोकने का काम ना करें। बता दें कि भारत द्वारा पाकिस्तान की में घुसकर किए गए एयर स्ट्राइक में सैकड़ों आतंकियों के मारे जाने की खबर है। भारत के 12 मिराज-2000 लड़ाकू विमानों ने बालाकोट में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सबसे बड़े ठिकाने को ध्वस्त कर दिया है। इस हमले में जैश सरगना मसूद अजहर के साले मौलाना यूसुफ अजहर के भी मारे जाने की खबर है। उधर पुलवामा हमले के जवाब में भारत की जवाबी एयर स्ट्राइक से पाकिस्तानी संसद में भी घमासान मच गया है। पाकिस्तानी सांसदों ने संसद में प्रधानमंत्री इमरान खान के विरोध में शेम-शेम के नारे लगाए। पाकिस्तानी सांसदों ने बौखलाहट में भारत पर मनगढ़ंत आरोप लगाए और जवाब देने की धमकी दी।
एयरस्ट्राइक के बाद मोदी बोले सौगंध मुझे इस मिट्टी की मैं देश नहीं झुकने दूंगा