कुरुक्षेत्र,देशभर में चल रही राजनीतिक घमासान के बीच हरियाणा में काफी समय से कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद नवीन जिंदल के भाजपा में शामिल होने की चर्चा हो रही थी। परंतु कैथल में अपने निवास स्थान पर शनिवार को पत्रकार वार्ता करते हुए नवीन जिंदल ने इन चर्चाओं पर पूर्ण विराम लगा दिया है। जिंदल ने कहा कि मैं भाजपा में नहीं जाऊंगा, मैं शुरू से ही कांग्रेस का सिपाही हूं और कांग्रेस में रहकर ही अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगा। हिसार या कुरुक्षेत्र में से किसी एक पर चुनाव लड़ने के सवाल पर जिंदल ने कहा कि हिसार मेरी जन्म भूमि है और कुरुक्षेत्र मेरी कर्म भूमि। ऐसे में साफ है कि पूर्व सांसद नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र लोकसभा में हमारे जितने भी संभावित उम्मीदवार हैं, हाईकमान द्वारा उनके काम के आधार पर ही उनको टिकट का दावेदार बनाया जाएगा। सांसद राजकुमार सैनी के बारे में बातचीत करने पर उन्होंने कहा कि राजकुमार सैनी ने तो भाई- भाई को लड़ाने की कोशिश की है। नवीन ने दावा किया कि हमारे समय में कुरुक्षेत्र लोकसभा का बहुत ज्यादा विकास हुआ है।