भाजपा-सेना गठबंधन पर शाह-उद्धव की मुहर, भाजपा 25 और शिवसेना 23 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

मुंबई,एक-दूसरे को पटकने और जमीन में गाड़ देने की भाषा का इस्तेमाल करने वाली भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और शिवसेना ने आखिरकार सोमवार शाम महाराष्ट्र में संयुक्त रूप से लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान कर दिया. दोनों दलों के बीच हुई बैठक के बाद बीजेपी के 25 और शिवसेना के 23 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने पर मुहर लग गई. साथ ही महाराष्ट्र विधानसभा में मित्र पक्षों को उनकी सीट देने के बाद बची सीटों पर 50-50 फॉर्मूले के तहत बीजेपी और शिवसेना द्वारा चुनाव लड़ने पर सहमति बन गई. इसके अलावा महाराष्ट्र में दोबारा सत्ता में आने पर बीजेपी और शिवसेना के बीच पद और ज़िम्मेदारियों का समान रूप से बंटवारा भी कर लिया गया. गठबंधन को अंतिम रूप देने के लिए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के बीच सोमवार शाम उद्धव के निवास स्थान मातोश्री में 50 मिनट तक बैठक चली. इस बैठक में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे, संजय राउत, मनोहर जोशी, अनिल देसाई, दिवाकर रावते, एकनाथ शिंदे तथा भाजपा से अमित शाह, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रकाश जावडेकर, पियूष गोयल तथा रावसाहेब दानवे उपस्थित थे. शिवसेना के साथ भाजपा के गठबंधन का ऐलान अमित शाह और उद्धव ठाकरे ने देर शाम मुंबई के वर्ली स्थित होटल ब्लू-सी में संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस करके की. इस मौके पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि वे भाजपा से गठबंधन करके लोकसभा और विधानसभा चुनाव साथ-साथ लड़ेंगे. उद्धव ठाकरे ने कहा कि पुलवामा में जो हमला हुआ है. उसमें हमारे सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाना चाहिए. भारत सरकार और देश कमजोर नहीं हैं, यह दुनिया को पता चलना चाहिए, बस यही हमारी इच्छा है. सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह वक्त मतभेद भुलाकर भाजपा और शिवसेना के साथ आने का है. इससे पहले उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में उनके निवास मातोश्री में शिवसेना की बैठक हुई. बैठक में मनोहर जोशी, दिवाकर रावते, संजय राउत, सुभाष देसाई, एकनाथ शिंदे मौजूद रहे. गठबंधन के लिए बात करने अमित शाह सोमवार को मुंबई पहुंचे थे. इसके बाद उन्होंने बांद्रा के सोफिटेल होटल में भाजपा नेताओं के साथ बैठक की. अमित शाह के साथ बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, प्रदेश अध्यक्ष राव साहब दानवे, पीयूष गोयल, आशीष शेलार, विनोद तावड़े, पंकजा मुंडे, सुधीर मुनगंटीवार और गिरीश महाजन मौजूद रहे.गठबंधन की शर्तों के मुताबिक, महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों में से 25 पर बीजेपी और 23 पर शिवसेना लड़ेगी. वहीं विधानसभा चुनाव में 50-50 प्रतिशत सीटों पर दोनों पार्टियां चुनाव लड़ेगी. 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी 24 और शिवसेना 20 सीटों पर चुनाव लड़ी थी. इस चुनाव में बीजेपी ने 23 और शिवसेना ने 18 सीटों पर जीत दर्ज की थी. गौरतलब है कि शिवसेना और बीजेपी ने 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में संयुक्त रूप से हिस्सा लिया था. हालांकि सरकार में सहयोगी रहने के बावजूद शिवसेना मोदी सरकार पर निशाना साधती रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *