बरौनी, पुलवामा अटैक ने भारत के 125 करोड़ देशवासियों को हिलाकर रख दिया है। रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी बिहार के बरौनी जिले में विकास योजनाओं का शिलान्यास करने पहुंचे तो मंच पर भी इसकी गूंज सुनाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों में शामिल बिहार के जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि जो आग लोगों के दिल में है, वहीं आग उनके दिल में भी लगी है। पीएम बिहार में 33 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की राज्य को सौगात देने पहुंचे थे। बता दें कि पुलवामा में हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। उनमें बिहार के दो जवान, पटना के मसौढ़ी निवासी संजय कुमार सिन्हा और भागलपुर के रत्न कुमार ठाकुर शामिल थे। पीएम ने शहीदों को नमन करते हुए कहा, मैं अनुभव कर रहा हूं कि आपके और देशवासियों के दिल में कितनी आग है। मैं आपको बताना चाहता हूं कि जो आग आपके दिल में है, वही मेरे दिल में भी है। पीएम ने रविवार को 13,365 करोड़ की लागत से बनने वाली पटना में मेट्रो रेल परियोजना का शिलान्यास किया। इसके अलावा उन्होंने करीब एक दर्जन अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना के शहरी क्षेत्र में 3,200 वर्ग किमी में 9.75 लाख घरों में पीएनजी और वाहनों के लिए सीएनजी आपूर्ति योजना का उद्घाटन किया, जबकि यहां बाढ़, सुल्तानगंज और नवगछिया में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट योजना का भी उद्घाटन किया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने विभिन्न स्थानों के लिए 1427.14 करोड़ की लागत से 22 अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया।
दूसरे एम्स का काम चल रहा है, किन्तु अभी जगह ही तय नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार के बरौनी में कहा कि राज्य में दूसरा एम्स बनाने का काम चल रहा है। लेकिन सच्चाई यही है कि इस एम्स का निर्माण कहां होगा इसकी न तो राज्य सरकार को जानकारी है और न ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस पर कोई फ़ैसला लिया है।
विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने इसी को आधार बनाकर प्रधानमंत्री मोदी के भाषण के बाद ट्वीट किया ‘ प्रधानमंत्री जी आप सफ़ेद झूठ बोल रहे है। लोगों को भ्रमित और झूठ बोलने का इतना साहस कहाँ से लाते है?कृपया आप बताए कि बिहार में UPA के कार्यकाल से कार्यात्मक पटना एम्स के अलावा एक और एम्स बनाने का काम किस जिले में कहाँ और कब से चल रहा है?CM बताए क्या बिहार सरकार को इसकी जानकारी है?’ जानकारों के अनुसार यह मामला केंद्र और बिहार के बीच अहंकार की लड़ाई बन गया है। जहां केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे अपने गृह ज़िले भागलपुर में दूसरे एम्स के निर्माण पर अड़े हुए हैं। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इच्छा थी कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय दरभंगा स्थित दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल को देख भालकर वहीं एम्स का निर्माण कराए। लेकिन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि ये संभव नहीं है। इत तरह यह पूरा निर्माण खटाई में पड़ गया है और अब शायद चुनाव पूर्व यह संभव भी नहीं है।