राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य का रोड शो, यूपी में फ्रंटफुट पर खेलेंगे, बैकफुट पर नहीं : राहुल गांधी

लखनऊ, लखनऊ में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रोड शो किया। कांग्रेस की महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार लखनऊ आई हैं। तीनों एक बस की छत पर सवार हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य पर फूल बरसा रहे हैं। लखनऊ-कानपुर रोड पर कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने बनती थी। राहुल हाथ में राफेल विमान का कटआउट लिए हुए हैं। उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर, राजीव शुक्ला, पीएल पुनिया और आरपीएन सिंह समेत कई नेता भी हैं। यह बस कांग्रेस की लकी बस बताई जा रही है। प्रियंका के रोड शो को लेकर कांग्रेसियों सहित लखनऊ के स्थानीय लोगों में काफी उत्साह है। लखनऊ को पोस्टरों और होर्डिंग से पाट दिया गया है जिसमें प्रियंका का दुर्गा अवतार देखने को मिल रहा है।
रोड शो के बीच में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि पार्टी यहां पर बैक फुट पर नहीं बल्कि फ्रंट फुट पर खेलेगी। इसके साथ ही प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया को यूपी का प्रभारी मुख्य रूप से 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है। राहुल ने कहा, ‘इस देश का अगर कोई दिल है तो वह उत्तर प्रदेश है। मैंने प्रियंका और सिंधियाजी को यहां का जनरल सेक्रटरी बनाया है। मैंने उनको (प्रियंका गांधी वाड्रा और ज्योतिरादित्य सिंधिया) कहा है कि उत्तरप्रदेश में जो सालों से अन्याय हो रहा है, उसके खिलाफ इन दोनों को लड़ना है और यूपी में न्यायवाली सरकार लानी है। इनका लक्ष्य लोकसभा में जरूर है पर इनका लक्ष्य 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने का है। हम यहां फ्रंट फुट पर खेलेंगे, बैक फुट पर नहीं खेलने वाले हैं। जब तक यहां कांग्रेस की विचारधारा वाली सरकार नहीं बनेगी तब तक मैं, प्रियंका और सिंधियाजी चैन से बैठने वाले नहीं हैं।’ लोगों को संबोधित करने के आखिर में राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत लखनऊ की जनता का आभार जताया। भाषण के आखिर में राहुल गांधी ने एकबार फिर चौकीदार चोर है के नारे लगवाए।
लाल बाग से पहले राहुल और प्रियंका के रोड शो में चल रही बस तारों में फसने से बची इसके बाद राहुल और प्रियंका को कार में शिफ्ट किया गया इसी दौरान राहुल गांधी ने लोगों को भी संबोधित किया और कहा कि चौकीदार चोर है और हम उनसे लड़ाई लड़ने आए इस दौरान प्रियंका गांधी लगातार कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी हाथ मिला रही हो और उनकी बात भी सुन रही है। वहीं रॉबर्ट वाड्रा ने फेसबुक पर प्रियंका गांधी को सियासी पारी के लिए शुभकामनाएं दीं। रॉबर्ट वाड्रा ने लिखा, ‘उत्तर प्रदेश में नए सफर और देश के लोगों की सेवा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं। आप मेरी बेस्ट फ्रेंड, परफेक्ट वाइफ और हमारे बच्चों की बेस्ट मदर रही हैं। इस वक्त बदले की राजनीति का माहौल है लेकिन मैं जानता हूं लोगों की सेवा करना उनका कर्तव्य है और अब उन्हें देश की जनता को सौंपते हैं। कृपया आप उन्हें सुरक्षित रखिएगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *