BJP और BJD दोनों ही अपने उद्योगपति दोस्तों को फायदा पहुंचा रहे, कांग्रेस दलितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध : राहुल

भवानीपटना, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर आदिवासियों की जमीन छीनने का आरोप लगाया। बुधवार को रैली को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी जनजातीय समुदाय के अधिकारों के संरक्षण के लिए काम करेगी। राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार और ओडिशा में बीजद सरकार दलितों, आदिवासियों, किसानों और गरीबों के कल्याण के लिए काम करने में विफल रही हैं। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस एकमात्र पार्टी है जो दलितों की जमीनों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। हम ओडिशा में और कहीं भी आदिवासियों के अधिकारों की रक्षा करने वाले है। 10 दिन के अंदर कांग्रेस अध्यक्ष का दूसरा ओडिशा दौरा है जहां विधानसभा और लोकसभा चुनाव साथ में होने हैं। उन्होंने भाजपा और बीजद पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि दोनों पार्टियां अपने उद्योगपति दोस्तों के फायदे के लिए काम कर रही हैं, वहीं किसानों और गरीबों की अनदेखी कर रही हैं।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने 15 उद्योगपतियों का 3.5 लाख करोड़ रुपये का ऋण माफ कर दिया लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। भाजपा नीत केंद्र सरकार ने अपने वादे के बावजूद किसानों को उनके उत्पाद के उचित दाम नहीं दिलाए। नवीन पटनायक ने ओडिशा में किसानों के फायदे के लिए काम नहीं किया। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान में सत्ता में आने के दो दिन के भीतर इन राज्यों में कांग्रेस की सरकारों ने कृषि ऋण माफ कर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री पर परोक्ष निशाना साधते हुए कहा कि ‘चौकीदार भ्रष्ट है’। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने फैसला किया है कि अगर भूमि अधिग्रहण के पांच साल के अंदर परियोजना शुरू नहीं हो पाती तो उद्योग लगाने के लिए ली गयी जमीनें किसानों को लौटा दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में इस दिशा में काम शुरू हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *