प्रयागराज, उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने जहां प्रयागराज के कुंभ मेले को भव्य व दिव्य बनाने के लिए पांच हजार करोड़ रूपए से ज़्यादा खर्च किए हैं, वहीं सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने इसे फिजूलखर्ची व पैसे की बर्बादी बताया है। राजभर ने प्रयागराज में हुए एक कार्यक्रम में कहा है कि उनकी सरकार ने अपने पाप धोने के लिए पांच हजार करोड़ रूपए खर्च किए हैं। उनका आरोप है कि कुंभ में ज़्यादा लोगों के पाप धुलने की वजह से गंगा खुद काफी मैली हो गई हैं। उन्होंने इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी पर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए सियासी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घर- घर मोदी का नारा फेल हो चुका है जबकि सिर्फ शोहरत और रुतबा पाने के लिए सीएम योगी संत की पदवी छोड़कर सियासत कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कुंभ में साधु गांजा पीकर चिलम काली कर रहे हैं। राजभर आए दिन अपनी ही सरकार पर हमलावर रहते हैं। इस बार उन्होंने कुंभ में आये हुए साधुओं के बहाने सरकार पर हमला बोला है। राजभर ने सरकार और पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी सख्ती होने के बावजूद कुंभ क्षेत्र में गांजा कहां से मुहैया कराया जा रहा है। उन्होंने कुंभ क्षेत्र में जासूस भेजकर गांजे की सप्लाई के स्रोत का पता लगाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सैयां कोतवाल बने बैठे हैं तो डर किस बात का है।
ज़्यादा लोगों के पाप धुलने की वजह से गंगा खुद काफी मैली हो गई -राजभर