निहत्थे और निर्दोष युवा कश्मीर में आतंकवाद का शिकार बन रहे – मोदी

श्रीनगर,प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि कश्मीर में निहत्थे और निर्दोष युवा आतंकवाद का शिकार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने सर्जिकल स्ट्राइक कर दुनिया को दिखा दिया कि भारत अब चुप बैठने वाला नहीं है, मैं आतंकवाद की कमर तोड़कर रख दूंगा। प्रधानमंत्री ने छात्रों को संबोधित एक कार्यक्रम में आतंकवाद पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों के सपनों को मारना सबसे बड़ी कायरता है। देशभर के छात्रों से रूबरू होते हुए हुए पीएम ने कहा, ‘वह सबसे बड़ा कायर है जो दूसरों के सपनों को मारता है। यहांखुशहाली के दिनों वाले हरे-भरे कश्मीर के पुराने दिन वापस लौटाने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।’
पीएम ने कहा, ‘आज जब मैं श्रीनगर आया हूं तब मैं शहीद नजीर अहमद वानी सहित उन सैकड़ों वीरों को श्रद्धा सुमन अर्पित करता हूं, जिन्होंने शांति के लिए, राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है। शहीद वानी जैसे युवा ही, जम्मू कश्मीर और देश के हर नौजवान को देश के लिए जीने और देश के लिए समर्पित होने का रास्ता दिखाते हैं। शहीद नजीर अहमद वानी को उनके इसी अदम्य साहस और वीरता के लिए कृतज्ञ राष्ट्र ने अशोक चक्र से सम्मानित किया है।’ डिजिटल इंडिया पर सवालों का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘आधार कार्ड डिजिटल क्रांति का ही हिस्सा है। जब मैं कहता हूं कि हमारे पास 120 करोड़ लोगों का डिजिटल डेटा है तो दुनिया को बड़ा आश्चर्य होता है। टेक्नॉलजी के माध्यम से तकरीबन 2.5 करोड़ छात्रों से संवाद के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में किए गए प्रयासों पर पीएम मोदी ने कहा, ‘कौशल विकास के क्षेत्र में हमारी सरकार बेहतर प्रयास कर रही है। 4.5 साल के हमारे कार्यकाल में जितना भी काम हमने किया है, उससे संतुष्ट हूं।’
देश के लोगों पर डिजिटलीकरण के असर पर पीएम ने कहा, ‘मानव लगातार विकास करता रहा है। पिछले 40-50 सालों में टेक्नॉलजी ने बहुत लंबी छलांग लगाई है। डिजिटलीकरण की मदद से ट्रांसपेरेंसी बढ़ी है, एजुकेशन की फील्ड में क्वॉलिटी आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार भारत, दुनिया में सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था है। भारत में तेज गति से गरीबी कम हो रही है। मिडल क्लास की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘देश में संसाधनों की कमी नहीं है। एक पीएम ने कहा था कि एक रुपया निकलता है तो 15 पैसा पहुंचता है। अब यह स्थिति है कि एक रुपये का पूरा 100 पैसा मिलता है। मैंने अपील की तो सवा करोड़ लोगों ने गैस पर सब्सिडी छोड़ दी। वहीं लाखों लोगों ने रेलवे टिकट पर सब्सिडी छोड़ दी। इससे बहुत आर्थिक फायदा हुआ। अगर देश तय कर ले कि हमें गरीबी से मुक्त होना है, तो दुनिया की कोई ताकत हमें गरीब नहीं रख सकती है। हमारे देशवासियों में इतना सामर्थ्य है कि अगर हमारे प्राकृतिक संसाधन और मानव संसाधन का अगर हम सही तरीके से प्लान करके आगे बढ़े तो गरीबी से मुक्ति पाना मुश्किल नहीं है। मुझे विश्वास है हम जो योजना किसानों के लिए लेकर आए हैं उससे हमारे देश का किसान एक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेगा। मैं यह भी देख रहा हूं कि हमारा देश 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन कर रहेगा।’

केबीआर हवाईअड्डे के नए टर्मिनल भवन का शिलान्यास
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लेह, जम्मू एवं श्रीनगर की अपनी एक दिवसीय यात्रा के पहले चरण में आज लद्दाख पहुंचे। उन्होंने वहां विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन / शिलान्यास किया। कंपकंपा देने वाली सर्दी में वहां उपस्थित भीड़ की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग कठिन परिस्थितियों में रहते हैं, वे हर मुश्किल को चुनौती देते हैं। आपका स्नेह मुझे कड़ी मेहनत करते रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने लद्दाख विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया और कहा, ‘युवा छात्र लद्दाख की आबादी के ४० प्रतिशत हिस्सा हैं। इस क्षेत्र में विश्वविद्यालय की लंबे समय से मांग रही है। लद्दाख विश्वविद्यालय के शुभारंभ के साथ, यह मांग पूरी हो जाएगी। यह विश्वविद्यालय लेह, कारगिल, नुब्रा, ज़ांस्कर, द्रास और ख़ाल्सती के डिग्री महाविद्यालयों से निर्मित एक क्लस्टर विश्वविद्यालय होगा और छात्रों की सुविधा के लिए लेह और कारगिल में प्रशासनिक कार्यालय होंगे। प्रधानमंत्री ने दातांग गाँव के पास दाह में ९ मेगावाट डीएएच पनबिजली परियोजना और २२० केवी श्रीनगर- अलस्टेंग – द्रास- कारगिल-लेह संचरण प्रणाली का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमने विलंब की संस्कृति को पीछे छोड़ दिया है। उनकी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि उनके द्वारा शिलान्यास की गई सभी परियोजनाओं का उनके द्वारा ही उद्घाटन किया जाए। आज ही लद्दाख में ५ नए पर्यटक और ट्रैकिंग मार्ग भी खोले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *